दीपिका पादुकोण और रणवीर कपूर के बीच दोस्ती से ज्यादा कुछ रिश्ता है। ऐसा रिश्ता कि जिसमें एक-दूसरे पर कब्जे की भावना होती है। प्यार नहीं, प्यार के साथ और बहुत कुछ, जिसके लिए अभी कोई शब्द नहीं है। प्यार का मतलब होता है जिसमें मेरा प्रेमी सुखी, उसमें मैं सुखी। मगर यह भावना कि मेरा प्रेमी सिर्फ मेरा रहे, प्रेम नहीं है।
दीपिका और रणवीर के बीच जो कुछ पनप रहा है, उसे विज्ञापन कंपनी वालों ने सबसे पहले भाँपा और विज्ञापन बनाया। पेप्सी का वह विज्ञापन याद है आपको "माय केन" वाला? इस विज्ञापन की स्क्रिप्ट लिखने वाले को पता नहीं कैसे यह मालूम पड़ गया था कि यह रिश्ता आगे चलकर यह रूप लेने जा रहा है। इस विज्ञापन में एक लड़की शीतल पेय के चक्कर में रणवीर के बेडरूम तक आ पहुँचती है और इत्तफाक से दीपिका आ टपकती हैं। दीपिका सोचती हैं कि रणवीर उसे बेडरूम तक लाया है और लाने का मकसद भी वही एक है।
पिछले दिनों भोपाल में जब रणवीर प्रकाश झा की फिल्म "राजनीति" की शूटिंग कर रहे थे, तो दीपिका भोपाल आ गई थीं। अब भोपाल कोई ऐसी जगह नहीं है कि जहाँ आने के लिए दीपिका के पास कोई बहाना हो। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से उन्हें कोई काम नहीं हो सकता। किसी मंत्रालय में ऐसी कोई फाइल भी नहीं हो सकती जिसे सरकवाने के लिए दीपिका का भोपाल आना जरूरी हो। ठीक इन्हीं दिनों एक प्रादेशिक चैनल दिखा रहा था कि रणवीर और कैटरीना कैफ के बीच अंतरंगता बढ़ रही है। कुछ सीन भी दिखाए गए थे। इसी के बाद दीपिका का भोपाल आना यही बताता है कि दोनों के बीच कुछ ऐसा है, जो दोस्ती से आगे है।
रणवीर एक भी कामयाबी कमाए बगैर स्टार बन बैठे हैं, क्योंकि सितारा खानदान से हैं। दूसरी तरफ दीपिका बचपन से ही मॉडलिंग करना चाहती थीं और उस उम्र से उन्होंने कैमरा फेस करना शुरू कर दिया था, जब रणवीर को किसी बात की कोई तमीज नहीं थी।
दीपिका अपने दम पर बहुत कमा चुकी हैं। उनके खाते में दो सुपरहिट फिल्में भी हैं। मॉडलिंग से भी वे बहुत कमा रही हैं। रणवीर के खाते में अभी तक कोई सफलता नहीं है। रणवीर का बाजार भाव जहाँ उनके खानदान के कारण है, वहीं कुछ इसलिए भी है कि सोनम कपूर और दीपिका पादुकोण से उनकी मुहब्बत के चर्चे आम हैं।
खिलंदड़ापन रणवीर के स्वभाव में है, तभी वे सोनम को छोड़कर दीपिका के पास आए हैं और दीपिका को छोड़कर और भी कहीं जा सकते हैं। सोचिए कि जब नाकामयाब रणवीर के ये हाल हैं, तो कामयाब होने के बाद उनका क्या होगा? उनकी फिल्म "वेकअप सिड" आ रही है। मगर क्या वे खुद अपने बर्ताव और करियर के लिए जाग पाएँगे?