Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

रति अग्निहोत्री : जारी है अभिनय यात्रा

हमें फॉलो करें रति अग्निहोत्री : जारी है अभिनय यात्रा

समय ताम्रकर

, शनिवार, 2 मई 2015 (17:39 IST)
रति अग्निहोत्री हिन्दी फिल्मों में एक सेंसेशन की तरह आई। एलवी प्रसाद प्रोडक्शन की फिल्म एक दूजे के लिए (1985) जब रिलीज हुई तो कश्मीर से कन्या कुमारी तक के युवा प्रेमी जोड़ों में हलचल -सी मच गई थी। फिल्म के अंत में प्रेमी युगल अपनी जान दे देता है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। इस अकेली फिल्म से रति अग्निहोत्री का नाम 'द गर्ल नेक्स्ट डोर' हो गया था। 
 
हिन्दी फिल्मों में आने से पहले रति ने दक्षिण भारत की चार प्रमुख भाषाओं के अलावा भोजपुरी, बांग्ला, मराठी, अंग्रेजी के साथ न्यूजीलैंड की माओरी भाषा में दर्जनों फिल्मों की है। 1985 में शादी कर रति ने फिल्मों से लगभग संन्यास ले लिया था। उसके बाद जब उनका बेटे तनुज वीरवानी ने जवान होकर बॉलीवुड में फिल्म लव यू सोनियो से प्रवेश किया और रति अपनी दूसरी पारी में लगातार तरह-तरह के रोल निभा रही हैं। 
अरब सागर से हिंद महासागर
10 दिसम्बर 1960 को रति का जन्म मुंबई में हुआ। उनके पिता एक बड़ी विदेशी कंपनी में ऑफिसर थे। उन्होंने भारत में विक्स एक्शन 500 लांच का कैम्पेन चलाया था। वह काफी सफल रहा और उनकी पोस्टिंग मद्रास में हो गई। रति भी उनके साथ वहां जा पहुंची। फिल्मकार भारती राजा ने इसे देखा और फिल्मों में काम करने का न्यौता दिया। पिता ने पहले तो आनाकानी की, मगर बाद में तैयार हो गए। 
 
पहली फिल्म तमिल में पुथिया वरपुक्कल (1979) प्रदर्शित होकर सुपरहिट रही। दक्षिण के तमाम नामी नायकों के साथ रति को काम करने के अवसर मिले और तीन साल में पैंतीस फिल्मों का रिकॉर्ड बनाया। रति ने कमल हासन, रजनीकांत, कृष्णा, चिरंजीवी जैसे नायकों के साथ फिल्में कर लोकप्रियता अर्जित की थी। 
 
जब प्रसाद प्रोडक्शन के मालिक एलवी प्रसाद तथा के बालाचंदर (2010 के दादा फालके अवॉर्ड से सम्मानित) ने हिंदी फिल्म एक दूजे के लिए बनाने का निश्चय किया, तो रति को हिंदी फिल्मों का मैदान मिला। पंजाबी नस्ल की यह कु्ड़ी दक्षिण भारत फतह करने के बाद मुंबई पहुंची। एक दूजे की सफलता के बाद रति और कमल हासन को रातों-रात पूरे भारत में लोकप्रियता मिल गई। 
 
दिग्गजों का मिला साथ
अभिनय की नजर से रति बॉलीवुड की तारिकाओं में सदैव उन्नीस ही रही है। मगर उस दौर के तमाम बड़े नायक तथा डॉयरेक्टर उन्हें मिले, इसलिए लोकप्रियता के बादलों पर सवार होने में उन्हें कोई परिश्रम नहीं करना पड़ा। वे धर्मेन्द्र, संजीव कुमार, अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना से लेकर अनिल कपूर तक के नायकों की नायिका बनी हैं। 
 
रति को बीआर चोपड़ा, यश चोपड़ा, मनमोहन देसाई, देव आनंद तथा शक्ति सामंत से लेकर बासु चटर्जी तक ने निर्देशित किया है। इस वजह से विषय वस्तु के हिसाब से उन्हें कई तरह के किरदार निभाने का मौका मिला। वह कुली में अमिताभ की नायिका थी, जिसके सेट पर बिग बी घायल हो गए थे। 
 
फिल्म शौकीन के तीन बूढ़े दादा मुनि, एके हंगल तथा उत्पल दत्त उस पर लाइन मारते नजर आए। 'शौकीन' के रिमेक में भी उन्होंने संक्षिप्त भूमिका निभाई। उस दौर के हर बड़े नायक के साथ रति परदे पर आई और उन्होंने अपनी प्रतिभा को संवारने की भरपूर कोशिश की। 
 
धर्म निरपेक्ष रति
रति अग्निपहोत्री का परिवार पूरी तरह से विविध भारती की तरह है। उनके नाना पोर्तगीज थे, जिन्होंने हिन्दी ब्राह्मण कन्या (नानी) से शादी की थी। रति के दादा ने पंजाबी ब्राह्मण होकर सिक्ख परिवार में शादी रचाई थी। रति की खुद की शादी सिंधी अनिल वीरवानी से हुई है। रति ईसाई धर्म को भी मानती हैं और वर्जिन मैरी की मूर्ति अपने ड्राइंग रूम में रखती हैं। रोजाना हवन करती हैं। मंदिर-दरगाह-गिरजाघर तथा गुरुद्वारा पर मत्था टेकने जाती है। भारत के सभी पर्व त्योहार उसी उत्साह से मनाती हैं जैसे सब धर्मों के लोग करते हैं। वह माधुरी दीक्षित, काजोल तथा करीना के अभिनय को अच्छा मानती हैं। तीनों खान उसे पसंद हैं। रितिक रोशन के साथ उन्होंने फिल्म यादें तथा ना तुम जानो ना हम की है। रति के रिश्तेदार अतुल अग्निहोत्री ने सलमान की बहन अलवीरा से शादी की है। 
 
दूसरी पारी
दूसरी अभिनेत्रियों मुमताज, रीना राय के लिए दूसरी पारी भले ही लाभकारी नहीं रही हो मगर रति ने अपने को इतना बदल लिया है कि वह केमियो रोल भी स्वीकार कर लेती हैं और उसमें अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करती हैं। इन दिनों वे छोटे मगर जानदार रोल कर रही हैं। अपनी दूसरी पारी में रति रिटायर नहीं होना चाहती हैं। जब तक हाथ पैर चलते रहेंगे, वे एक्टिंग करती रहेंगी। दुर्गा खोटे की तरह नायिका से लेकर ग्रेंड-ग्रेंड मदर तक के रोल करती रहेंगी। 
 
पति से पंगा
पिछले कुछ दिनों से रति अग्निहोत्री गलत कारणों से चर्चा में हैं। पति-पत्नी के झगड़ा चारदीवारी से बाहर आ गए और बात पुलिस तक जा पहुंची। रति ने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्दी ही मामला समाप्त हो जाएगा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi