रितिक रोशन : बड़े दिलवाला
अपने गुड लुक्स, डांसिंग स्किल्स और एक्टिंग टैलेंट के लिए पहचाने जाने वाले रितिक रोशन के बारे में यह बात बहुत कम लोगों को पता है कि वे कई चैरिटी अभियानों से जुड़े हुए हैं। दिलखुश नामक एक स्कूल है जिससे रितिक को विशेष लगाव है। मुंबई में एक बार मूसलाधार बारिश हुई थी और उससे स्कूल परिसर बुरी तरह प्रभावित हो गया था। उस दौरान डोनेशन के लिए स्कूल ने रितिक से संपर्क किया था। रितिक ने कई निर्माण कार्यों में योगदान दिया। हाल ही में रितिक को पता चला कि स्कूल के पास एक ही बस है और उन्हें एक बस और मिल जाए तो बच्चों को काफी सुविधा हो जाएगी। पता लगते ही रितिक ने स्वेच्छा से स्कूल को बस उपलब्ध करवा दी। यह बस बच्चों के लिए उनकी तरफ से एक तोहफा है ताकि वे आराम से सफर कर सकें। रितिक स्कूल भी गए और उन्होंने बच्चों को अपने गानों पर डांस करते देखा। रितिक को तो मजा आया ही, लेकिन बच्चों के चेहरे की मुस्कान भी बता रही थी कि रितिक को वे काफी पसंद करते हैं।