Publish Date: Wed, 11 Oct 2017 (00:04 IST)
Updated Date: Wed, 11 Oct 2017 (00:06 IST)
नैनीताल। उत्तराखंड में नैनीताल के शेरवुड कॉलेज में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के 75वें जन्मदिन को लेकर जश्न शुरू हो गया है। महानायक के बचपन के स्कूल में केक काटकर शिक्षक और बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ जश्न की शुरुआत की। यह जश्न 11 अक्टूबर तक चलेगा।
प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने बच्चों से स्कूल में पढ़ने के दौरान महानायक की उपलब्धियों को साझा करते हुए उन्हें शेरवुड के कोहिनूर की उपाधि दी। भले ही इस बार बच्चन ने ट्वीट कर जन्मदिन का जश्न न मनाने की बात कही हो, लेकिन उनके बचपन के स्कूल शेरवुड में जश्न की कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि वर्ष 1956-57 में अमिताभ बच्चन ने इसी स्कूल से शिक्षा हासिल की थी। उनके पिता हरिवंशराय बच्चन भी शेरवुड कॉलेज आ चुके हैं। 2008 में अमिताभ बच्चन खुद विद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में शिरकत करने आए थे। उनके अनुसार बच्चे कई दिन से महानायक के जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहे हैं। कॉलेज में कई दिन पहले से केक काटकर जश्न की शुरुआत हो चुकी है। जश्न का वीडियो महानायक अमिताभ बच्चन को भी भेजा गया है।
कॉलेज की उभरती प्रतिभा छात्र अपूर्व विक्रम शाह ने महानायक के जन्मदिन के मौके के लिए खास कविता तैयार की है। अपूर्व ने गांधी जयंती के मौके पर स्वरचित कविता पाठ कर महानायक का दिल जीत लिया था। इस मौके पर विशेष प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया जाएगा।
जश्न के दौरान मिष्ठान वितरण किया जाएगा। खासकर अमिताभ की पसंदीदा इमरती का वितरण किया जाएगा। इस मौके पर आतिशबाजी भी की जाएगी। छात्रों के बीच महानायक के जीवन पर वाद विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Wed, 11 Oct 2017 (00:04 IST)
Updated Date: Wed, 11 Oct 2017 (00:06 IST)