Publish Date: Fri, 30 Apr 2021 (15:42 IST)
Updated Date: Fri, 30 Apr 2021 (15:44 IST)
बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर अपने लुक्स को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। लेकिन इन दिनों अर्जुन कपूर अपनी पुरानी यादों को लेकर एक बार फिर से चर्चा में हैं। डिस्कवरी प्लस के शो स्टार वर्सेज फूड में इस बार अर्जुन कपूर नजर आने वाले है। एपिसोड में अर्जुन अपनी पुरानी यादों को ताजा करते दिखाई देंगे।
अर्जुन कपूर ने बताया कि वह बचपन में खाने के कितने शौकीन थे और बाद में उनकी क्या हालत हो गई थी। अर्जुन कपूर बताते हैं कि बचपन और टीनेज के दौरान वह खाने के इतने शौकीन थे कि उनकी मेडिकल कंडीशन खराब हो गई थी, जिसका सबसे बड़ा कारण उनका वेट था।
अर्जुन ने बताया कि एक समय पर उनका वजन 150 किलोग्राम हो गया था। इसके बाद उन्होंने करीब दो साल तक चावल और मीठा बिल्कुल भी नहीं खाया। अर्जुन ने कहा कि, एक पॉइंट पर मेरा वजन वहां तक पहुंच गया था कि मुझे अस्थमा हो गया था, मुझे इंजरी हो जाती थी क्योंकि मैं 150 किलोग्राम का हो गया था। तब मैं सिर्फ 16 साल का था।
अर्जुन कपूर ने बढ़ते वजन के लिए अपने माता-पिता के खराब संबंध को भी बताया। उन्होंने कहा कि जब उनके पैरेंट्स के बीच मन-मुटाव था तो उन्हें खाने में बहुत आनंद आता था। ऐसे में मैंने ज्यादा खाना शुरू कर दिया। फास्ट फूड तो फास्ट फूड ही है। आप स्कूल से आते हो और आराम से इसे खा लेते हो। लेकिन इसे फिर अंत तक पहुंचाना बहुत मुश्किल हो जाता है क्योंकि वहां आपको रोकने वाला कोई होता नहीं है।
अर्जुन कपूर के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में फिल्म 'संदीप और पिंकी फरार' में नजर आए थे। जल्द ही उनकी फिल्म 'सरदार का ग्रैंडसन' ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा अर्जुन कपूर मलाइका अरोरा संग रिलेशन को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं।