Publish Date: Tue, 26 May 2020 (13:13 IST)
Updated Date: Tue, 26 May 2020 (13:19 IST)
टीवी एक्ट्रेस प्रेक्षा मेहता ने इंदौर स्थित अपने घर में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। वे महज 25 वर्ष की थीं। दो साल पहले वे इंदौर से मुंबई गई थीं। उन्होंने क्राइम पेट्रोल के कुछ एपिसोड में काम भी किया था।
प्रेक्षा 'मेरी दुर्गा' और 'नाल इश्क' जैसे टीवी धारावाहिकों में भी नजर आईं। लॉकडाउन के कारण वे मुंबई से इंदौर अपने घर लौट आईं।
प्रेक्षा के पिता के मुताबिक वे तनाव में थीं और परेशान चल रही थीं। कल रात उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जान ले ली। सुबह पिता जब प्रेक्षा को उठाने के लिए गए तो उन्होंने उसे फंदे पर लटका पाया।
वे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक प्रेक्षा की मृत्यु हो चुकी थी। फिलहाल सुसाइड नोट नहीं मिला है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रेक्षा उभरती हुई कलाकार थीं। उन्होंने कई नाटकों में अभिनय किया और पुरस्कार भी हासिल किए। उनका वीडियो अलबम भी जारी हुआ। अक्षय कुमार की फिल्म 'पैडमैन' में भी उन्हें अभिनय करने का अवसर मिला। कुछ शॉर्ट्स फिल्में भी की।