Publish Date: Tue, 27 Oct 2020 (15:29 IST)
Updated Date: Tue, 27 Oct 2020 (15:31 IST)
देओल परिवार के सदस्य एक बार फिर साथ फिल्म करने जा रहे हैं। धर्मेन्द्र, सनी देओल और बॉबी देओल, अपने और यमला पगला दीवाना सीरिज की तीन फिल्में साथ कर चुके हैं। बॉलीवुड में चर्चा है कि एक फिल्म की प्लानिंग हो गई है और बॉलीवुड के ये तीन बड़े सितारें एक साथ एक ही फिल्म में नजर आएंगे।
सूत्रों का कहना है कि देओल परिवार के खासमखास निर्देशक अनिल शर्मा ने एक स्क्रिप्ट फाइनल कर ली है जो कि 'अपने' फिल्म का सीक्वल होगी। 2007 में यह फिल्म रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार भी किया था। इस फिल्म में तीनों देओल्स के साथ कैटरीना कैफ, शिल्पा शेट्टी, विक्टर बैनर्जी जैसे कलाकार भी थे।
अनिल शर्मा अपनी इस हिट फिल्म का सीक्वल बनाने जा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग मार्च या अप्रैल 2021 में शुरू होगी। इसे लंदन और मुंबई में फिल्माया जाएगा।
2007 में रिलीज हुई अपने ऐसे पूर्व बॉक्सर की कहानी थी जो अपने पर लगा दाग अपने बेटों के सहारे मिटता है। अपने 2 इसके आगे की कहानी होगी या नई कहानी होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। देओल्स परिवार ने अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा है।