Publish Date: Wed, 23 Feb 2022 (11:45 IST)
Updated Date: Wed, 23 Feb 2022 (11:47 IST)
बिग बॉस फेम और एक्टर अरमान कोहली ड्रग्स केस में बीते 7 महीने से जेल में बंद हैं। इस केस में अरमान ने हाल ही में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 14 दिन की अंतरिम जमानत की मांग की थी। कोर्ट ने मंगलवार को एक्टर की याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने अरमान कोहली की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।
अरमान कोहली ने बीमार माता-पिता से मिलने के लिए जमानत का अनुरोध किया था लेकिन बचाव पक्ष और अभियोजन की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया। इससे पहले अरमान कोहली ने बीते साल अक्टूबर में भी जमानत की मांग की थी लेकिन तब भी कोर्ट ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया था।
अरमान कोहली बीते साल अगस्त में गिरफ्तार हुए थे। एनसीबी को अरमान के घर से कुछ मात्रा में ड्रग्स बरामद हुआ था जिसके बाद ड्रग्स रखने के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। एक्टर के घर से 1.2 ग्राम एमडी बरामद की गई थी, जबकि मामले में सह-आरोपी से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया था।
बता दें कि अरमान कोहली अक्सर विवादों में फंसते रहते हैं। अपने गुस्सैल स्वभाव के कारण उन्होंने कई बार विवाद किए हैं। इसी के चलते बिग बॉस शो में वे काफी पसंद किए गए थे। लेकिन ड्रग्स मामले में एक्टर बुरी तरह फंस गए हैं।