Publish Date: Sat, 07 Jun 2025 (13:24 IST)
Updated Date: Sat, 07 Jun 2025 (13:27 IST)
हाउसफुल सीरिज की पांचवीं फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन 24.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है और वर्ष 2025 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है। पहले नंबर पर छावा (33.10 करोड़ रुपये) और दूसरे पर सिकंदर (20.06 करोड़ रुपये) है। हालांकि फिल्म के बजट को देखते हुए इसे लंबा समय अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
अक्षय कुमार की वर्ष 2025 की रिलीज फिल्मों से तुलना की जाए तो इसे सबसे बेहतर ओपनिंग मिली है। अक्षय की 'स्काई फोर्स' के पहले दिन के कलेक्शन 15.30 करोड़ रुपये और केसरी चैप्टर 2 के कलेक्शन 7.84 करोड़ रुपये रहे थे।
हाउसफुल 5 के सुबह के शो में दर्शक बहुत कम थे, लेकिन शाम और रात के शो में दर्शकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ। शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण कलेक्शन में और इजाफा हो सकता है।
जहां तक फिल्म की रिपोर्ट का सवाल है तो यह मिश्रित है। कई दर्शकों को यह बिलकुल पसंद नहीं आई है और कई दर्शकों को यह औसत से बेहतर लगी है। ज्यादा क्रिटिक्स ने फिल्म को खराब रेटिंग दी है।
तरुण मनसुखानी द्वारा निर्देशित हाउसफुल 5 में अक्षय कुमार, जैकलीन फर्नांडिस, रितेश देशमुख, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, चित्रांगदा सिंह, नरगिस फाखरी जैसे कलाकारों ने लीड रोल निभाए हैं।