Publish Date: Thu, 17 Oct 2019 (06:36 IST)
Updated Date: Wed, 16 Oct 2019 (18:52 IST)
2019 रितिक रोशन के लिए बेहतरीन रहा। लंबे समय बाद उनकी दो फिल्में रिलीज हुईं और दोनों ही हिट रही। सुपर 30 में रितिक रोशन ने अपनी इमेज के विपरीत जाकर एक प्रयोग किया। फिल्म अड़चनों में फंस गई। अटकी रही। लेकिन तमाम बाधाओं के बावजूद फिल्म को सफलता मिली।
इसके बाद आई वॉर जो कि रितिक के करियर की सबसे बड़ी हिट रही। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी और आय के नए रिकॉर्ड्स बनाए। इसमें रितिक वैसे ही अवतार में नजर आए जैसा उन्हें दर्शक देखना पसंद करते हैं।
वॉर की सफलता के बाद रितिक की सोच में काफी परिवर्तन आया है। उन्होंने फैसला लिया है कि वे अब ज्यादा से ज्यादा फिल्में करेंगे। अपनी सफलताओं से उन्हें और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
रितिक रोशन को कई फिल्मों के ऑफर्स मिल रहे हैं। लंबे समय से चर्चा है कि वे सत्ते पे सत्ता का रीमेक करने वाले हैं जिसे रोहित शेट्टी प्रोड्यूस कर रहे हैं और फराह खान निर्देशित करने वाली हैं।
चर्चा है कि रितिक ने अभी तक फिल्म के बारे में कोई ठोस फैसला नहीं लिया है। उनकी लगभग हां है, लेकिन 99 प्रतिशत। इस कारण फिल्म की ऑफिशियल घोषणा अब तक नहीं हुई है।
सूत्रों का कहना है कि रितिक वॉर की सफलता के बाद अब रितिक कोई ऐसी फिल्म नहीं करना चाहते हैं जो उनके फैंस को निराश कर दे। यही कारण है कि सत्ते पे सत्ता को वे छोड़ सकते हैं।
अमिताभ अभिनीत सत्ते पे सत्ता ने भी बॉक्स ऑफिस पर औसत सफलता प्राप्त की थी। रितिक कॉमेडी फिल्म तो करना चाहते हैं, लेकिन इसकी स्क्रिप्ट से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है।
दूसरी ओर फराह खान ने भले ही सफल फिल्में बनाई हों, लेकिन उनकी फिल्में आलोचना का शिकार रही हैं। यही कारण है कि शाहरुख खान ने भी उनसे दूरी बना रखी है।
इन सब बातों के कारण ही रितिक सोच में पड़ गए हैं कि सत्ते पे सत्ता का खेल खेले या नहीं।