Publish Date: Fri, 27 Mar 2026 (12:01 IST)
Updated Date: Fri, 27 Mar 2026 (12:03 IST)
साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता राम चरण 27 मार्च को अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस को एक बेहतरीन तोहफा दिया है। राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' का आधिकारिक टीजर रिलीज कर दिया गया है।
टीजर ने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, जिसमें राम चरण का अब तक का सबसे अलग और शक्तिशाली अवतार देखने को मिल रहा है। टीजर में राम चरण एक पहलवान के किरदार में दिख रहे हैं। उनका लुक 'दंगल' के आमिर खान और 'सुल्तान' के सलमान खान की याद दिला रहा है।
टीजर की शुरुआत एक ग्रामीण परिवेश से होती है जहाँ राम चरण 'पेड्डी पहलवान' के रूप में नजर आते हैं। उनके लंबे बंधे हुए बाल, घनी दाढ़ी और गठीला शरीर उनके किरदार की मेहनत को दर्शाता है। टीजर में उन्हें भारी अनाज की बोरियां लादते और पारंपरिक अखाड़े में कुश्ती लड़ते हुए दिखाया गया है।
एक दमदार डायलॉग टीजर की जान है, जहां कुश्ती की तुलना क्रिकेट से करते हुए कहा जाता है, 'कुश्ती क्रिकेट की तरह नहीं है जहां आप सिर्फ गेंद और बल्ले का सामना करते हैं, यह एक ऐसा खेल है जहां आपका सामना खुद मौत से होता है।' इसके जवाब में राम चरण कहते हैं, 'मेरा गौरव ही मेरा खेल है।'
टीजर के अंत में राम चरण का मूंछों पर ताव देना और हाथ में हनुमान गदा (Mace) लेना दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देने वाला है। सोशल मीडिया पर फिल्म के टीजर को जबरदस्त रिस्पॉन्स िमल रहा है।
फिल्म 'पेड्डी' का निर्देशक बुच्ची बाबू सना कर रहे हैं। फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर,शिव राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा, जगपति बाबू और बोमन ईरानी नजर आएंगे। वृधि सिनेमाज और मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगी।
About Writer
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें