Publish Date: Thu, 19 Dec 2019 (16:28 IST)
Updated Date: Thu, 19 Dec 2019 (16:28 IST)
जावेद अख्तर, विशाल भरद्वाज, फरहान अख्तर, अनुराग कश्यप, पुल्कित सम्राट, हुमा कुरैशी, परिणीति चोपड़ा, ऋचा चड्ढा, सोनाक्षी सिन्हा सहित कई बॉलीवुड सितारों ने जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों पर पुलिस की बर्बरता का विरोध किया है। इस मामले में अब एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। प्रियंका ने जामिया के छात्रों के साथ हुई हिंसा की निंदा करते हुए ट्वीट किया है, जो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
प्रियंका ने लिखा है, "शिक्षा हर बच्चे का सपना है। शिक्षा ही वो चीज है जिसने उन्हें सोचने की स्वतंत्रता दी है। हमने उन्हें आवाज उठाने के लिए बड़ा किया है। लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण तरीके से उठी आवाज का जवाब हिंसा से देना गलत है। हर आवाज जरूरी है। और हर आवाज भारत को बदलने में सहायक होगी।"
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में नेटफ्लिक्स के लिए फिल्म 'द व्हाइट टाइगर' की शूटिंग खत्म की है। इस फिल्म में उनके साथ राजकुमार राव नजर आएंगे। 'द व्हाइट टाइगर' अरविंद अडिगा के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन रमिन बहरानी कर रहे हैं।