लंबे समय बाद शाहरुख इस समय तीन फिल्में कर रहे हैं, फैन, रईस और गौरी शिंदे की अगली फिल्म। फैन की शूटिंग पूरी हो चुकी है और रिलीज होने की तैयारी है। रईस का थोड़ा बहुत काम बाकी है और यह फिल्म ईद पर प्रदर्शित होगी। गौरी शिंदे की फिल्म में शाहरुख अपने से उम्र में बहुत छोटी आलिया भट्ट के साथ नजर आएंगे। इस फिल्म की रिलीज डेट तय नहीं हुई है, लेकिन संभव है कि वर्ष के अंत तक इसे प्रदर्शित किया जाए।
शाहरुख एक बार फिर फिल्म साइन करने के मूड में हैं और खबर है कि वे राजेश खन्ना अभिनीत फिल्म 'इत्तफाक' (1969) कर सकते हैं। यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित यह फिल्म बेहतरीन थ्रिलर थी और आज भी कई लोगों को यह याद है। टीवी पर भी इसे पसंद किया जाता रहा है।
सूत्रों के अनुसार इत्तेफाक के रीमेक को रवि चोपड़ा के बेटे अभय चोपड़ा निर्देशित करेंगे और इसे रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट द्वारा को-प्रोड्यूस किया जाएगा। यह अभय चोपड़ा की पहली फिल्म होगी। इत्तेफाक के निर्माता अभय के दादा बीआर चोपड़ा थे। यह भारत की उन गिनी-चुनी फिल्मों में से है जिसमें कोई गाना नहीं है।