Publish Date: Tue, 13 Oct 2020 (16:06 IST)
Updated Date: Tue, 13 Oct 2020 (16:07 IST)
सुपरहिट फिल्म ‘सिंबा’ देने वाली रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह की जोड़ी एक बार फिर साथ में नजर आने वाली है। काफी समय से चर्चा है कि रणवीर सिंह, रोहित शेट्टी की अगली कॉमेडी फिल्म के हीरो होंगे। अब खबर है कि रोहित और रणवीर की यह कॉमेडी फिल्म 80 के दशक की संजीव कुमार की मशहूर कॉमेडी फिल्म ‘अंगूर’ का रीमेक है।
एक एंटरटेनमेंट वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, गुलजार की क्लासिक कॉमेडी फिल्म ‘अंगूर’ का रोहित शेट्टी रीमेक बनाने जा रहे हैं। रोहित शेट्टी ने फिल्म के लिए रणवीर सिंह को फाइनल किया है और वह संजीव कुमार के किरदार में दिखेंगे। रणवीर सिंह पहली बार डबल रोल में नजर आएंगे।
वहीं, कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि रोहित शेट्टी 2015 से इस फिल्म का रीमेक बनाने की तैयारी कर रहे हैं। रोहित पहले यह फिल्म शाहरुख खान के साथ बनाना चाहते थे लेकिन तब बात बन नहीं पाई और उसके बाद इन दोनों ने मिलकर ‘दिलवाले’ बनाई। बताया जा रहा है कि कि रोहित ने लॉकडाउन के दौरान ‘अंगूर’ के रीमेक की स्क्रिप्ट पर जमकर काम किया है।
फिल्म ‘अंगूर’ 1982 में रिलीज हुई थी, जिसमें संजीव कुमार और देवेन वर्मा कॉमेडी करते नजर आए थे। फिल्म में मौसमी चटर्जी और दिप्ती नवल के अलावा अरूणा इरानी भी अहम भूमिकाओं में दिखी थीं। गीतकार और निर्देशक गुलजार ने फिल्म का निर्देशन किया था।
webdunia
Publish Date: Tue, 13 Oct 2020 (16:06 IST)
Updated Date: Tue, 13 Oct 2020 (16:07 IST)