Publish Date: Sat, 30 Oct 2021 (17:04 IST)
Updated Date: Sat, 30 Oct 2021 (17:08 IST)
महाराष्ट्र में कोरोना लॉकडाउन खत्म होने के बाद सिनेमाघर दोबारा खुल चुके हैं। इसी के साथ कई फिल्मों की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है। महाराष्ट्र में सिनेमाघर खुलने के बाद सबसे पहले रोहित शेट्टी ने अपनी फिल्म 'सूर्यवंशी' की रिलीज डेट का ऐलान किया था।
अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर 'सूर्यवंशी' इस साल दिवाली के अगले दिन यानि 5 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। दिवाली के मौके पर कई मेकर्स भी अपनी फिल्में रिलीज करना चाहते थे मगर बाजी रोहित शेट्टी ने मारी है। वहीं कोई भी बड़ी फिल्म का 'सूर्यवंशी' से क्लैश नहीं होगा।
खबरों के अनुसार सलमान खान भी अपनी फिल्म 'अंतिम : द फाइनल ट्रूथ' दिवाली के मौके पर रिलीज करने वाले थे। लेकिन इससे पहले रोहित ने 'सूर्यवंशी' को दिवाली पर रिलीज करने की घोषणा कर दी थी। बताया जा रहा है कि रोहित शेट्टी ने सलमान खान से मुलाकात करके अनुरोध किया था कि दिवाली के मौके पर वह अपनी फिल्म रिलीज न करें। रोहित शेट्टी ने कहा कि 'सूर्यवंशी' के लिए यह सही होगा कि उससे किसी बड़ी फिल्म का क्लैश न हो।
सलमान खान इस बात के लिए राजी हो गए क्योंकि वह भी अपनी फिल्म 'अंतिम' का किसी बड़ी फिल्म से क्लैश नहीं चाहते थे। अब सलमान की यह फिल्म 26 नवंबर को रिलीज होगी।