Publish Date: Mon, 27 Dec 2021 (10:56 IST)
Updated Date: Mon, 27 Dec 2021 (11:01 IST)
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान 27 दिसंबर को अपना 56वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। सलमान मुंबई से दूर अपने पनवेल फार्म हाउस पर बर्थडे सेलिब्रेट करने पहुंचे हुए हैं। शनिवार की देर रात सलमान के साथ इसी फार्म हाउस पर एक घटना घट गई थी।
सलमान खान को सांप ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि रविवार सुबह 9 बजे अस्पताल से छुट्टी मिल गई। जिसके बाद वह वापस अपने फार्म हाउस पर लौट आए। सलमान के फैंस उनके ठीक होने की लगातार दुआ कर रहे थे।
अब सलमान ने खुद बताया कि उनके साथ यह हादसा कैसे हो गया। सलमान ने यह भी बताया कि उन्हें सांप ने एक बार नहीं बल्कि तीन बार काटा था। एक्टर ने कहा, एक सांप में फार्म हाउस के अंदर घुस आया था, मैंने लकड़ी के सहारे उसे दूर फेंकने की कोशिश की लेकिन इतने में ही वो मेरे हाथ पर चढ़ गया।
उन्होंने कहा, ऐसे में मैंने सांप को बाहर छोड़कर आने के लिए दूसरे हाथ में ले लिया तो उसने मुझे तीन बार काटा। वो एक तरह का जहरीला सांप था। मैं 6 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहा। मैं अब ठीक हूं।
सलमान ने बताया, अच्छी बात ये थी कि अस्पताल में सभी सुविधाएं मौजूद थीं। उनके पास हर तरह का एंटी-वेनम मौजूद था। अब तक मैं सभी प्रकार के एंटी-वेनम का इंजेक्शन ले चुका हूं। हालांकि सांप को पकड़कर बाद में जंगल में छोड़ दिया गया।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान आखिरी बार अपने जीजा आयुष शर्मा साथ फिल्म 'अंतिम' में नजर आए थे। वह जल्द ही कभी ईद कभी दीवाली, किक 2 और टाइगर 3 जैसी फिल्मों में दिखेंगे।