Publish Date: Mon, 01 Aug 2022 (11:27 IST)
Updated Date: Mon, 01 Aug 2022 (11:29 IST)
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को बीते दिनों जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके बाद सलमान की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। वहीं सलमान ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर बंदूक रखने के लिए लाइसेंस की अर्जी दी थी।
अब खबर आ रही है कि सलमान खान को आत्मरक्षा के लिए बंदूक रखने का लाइसेंस मिल गया है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि सलमान खान को आर्म्स लाइसेंस जारी कर दिया गया है। उन्होंने इसके लिए अप्लाई किया था।
वहीं अब सलमान खान ने अपनी सुरक्षा के लिए एक बुलेटप्रूफ कार भी खरीदी है। सलमान खान अब सफेद कलर की बुलेटप्रूफ लैंड क्रूजर कार में चलने लगे हैं। हालांकि, उनकी नई कार लेटेस्ट मॉडल नहीं है, लेकिन यह बुलेटप्रूफ कार उन्हें सुरक्षित रखने का काम करेगी। इतना ही नहीं उनके साथ हथियारबंद सिक्योरिटी गार्ड्स का एक दस्ता भी रहता है।
पिछले दिनों सलमान खान के पिता सलीम खान को एक और धमकीभरा लेटर मिल था। सलमान खान को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद से ही सलमान पब्लिक के बीच कम ही नजर आते हैं। वह ईद के मौके पर फैंस का अभिनंदन करने भी अपनी बालकनी में नहीं आए थे।