बिग बॉस के बाद सलमान खान एक टीवी की दुनिया में एक और धमाके की तैयारी कर रहे हैं जिसमें वे लुलिया वंतूर के साथ दिखाई देंगे, जिन्हें सलमान की गर्लफ्रेंड माना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक इस वर्ष के अंत तक सलमान एक रियलिटी शो 'द फार्म' लेकर टीवी पर नजर आ सकते हैं जिसे वे लुलिया के साथ होस्ट करेंगे। इस शो में विभिन्न प्रतिभागियों को एक किसान की तरह काम करना होगा। जानवरों की देखभाल करना होगी। खेत में फसल तैयार करना होगी। इन प्रतियोगियों को उनके काम के अनुसार जनता शो वोट के आधार पर शो में बनाए रखेगी।
यह शो विदेश में काफी लोकप्रिय है और लगभग 40 देशों में इसे दिखाया जाता है। भारत में इस शो को लेकर सलमान आएंगे और इस शो के जरिये वे लूलिया को भी मौका देंगे। यह पहला मौका होगा जब सलमान और लुलिया सार्वजनिक रूप से साथ दिखाई देंगे।
गौरतलब है कि लुलिया के साथ अपने रिश्ते को सलमान ने अब तक स्वीकारा नहीं है, लेकिन लुलिया को लगातार उनके साथ देखा जाता है। वीकेंड पर वे अक्सर सलमान के साथ बिताती हैं। हाल ही में सलमान ने अपना 50 वां जन्मदिन धूम-धाम से मनाया और इस पार्टी में भी वे शरीक थीं।