आदित्य चोपड़ा ने बतौर निर्देशक मात्र तीन फिल्में बनाई हैं। दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे, मोहब्बतें और रब ने बना दी जोड़ी। तीनों के हिट होने के अलावा एक और कॉमन बात यह है कि तीनों फिल्मों में शाहरुख खान हैं। दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे के सेट पर दोनों में दोस्ती हुई जो अब तक जारी है।
आदित्य इस समय बॉलीवुड के सबसे बड़े निर्माताओं में से एक हैं, लेकिन फिल्म निर्देशित कर शायद वे अपने अंदर मौजूद क्रिएटिव पर्सन को संतुष्ट करना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक जल्दी ही वे एक फिल्म शुरू करने वाले हैं। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें शाहरुख नहीं होंगे।
एक बार करण जौहर ने कहा था कि वे शाहरुख के बिना फिल्म बनाने की कल्पना नहीं कर सकते हैं, लेकिन शाहरुख के बिना उन्होंने 'स्टुडेंट ऑफ द ईयर' बनाई। अब आदित्य भी शाहरुख के बिना फिल्म की कल्पना कर रहे हैं।
दरअसल ये दोनों फिल्मकार हमेशा युवाओं को ध्यान में रख फिल्म बनाते हैं। शाहरुख अब युवा नहीं रहे हैं और इस कारण आदित्य की फिल्म में फिट न बैठते हों। आदित्य की फिल्म में वरुण धवन और रणबीर कपूर को लिए जाने की खबर है। 'बदलापुर' ने वरुण की प्रतिष्ठा को बेहद बढ़ाया है और कहा जा रहा है कि आदित्य को इस फिल्म में वरुण का अभिनय बेहद पसंद आया।
बताया जा रहा है कि आदित्य की नई फिल्म प्रेम त्रिकोण होगी, जिसमें एक लड़की को दो लोग दिल दे बैठते हैं और समीकरण उलझ जाते हैं। यह 'दिल तो पागल है' नुमा होगी। दिल तो पागल है को आदित्य के पिता यश चोपड़ा ने बनाई थी। उस फिल्म में दो लड़कियां एक ही लड़के से मोहब्बत कर बैठती हैं।
बहरहाल आदित्य और उनके बैनर ने फिलहाल इस बात पर चुप्पी साध रखी है। वैसे भी आदित्य को अपने बारे में ज्यादा बात करना पसंद नहीं हैं। वे इसके बजाय अपने काम में ऊर्जा लगाना पसंद करते हैं।