Publish Date: Mon, 05 Aug 2019 (15:36 IST)
Updated Date: Mon, 05 Aug 2019 (15:37 IST)
फिल्म अभिनेत्री और मॉडल शिबानी दांडेकर बहुत जल्द स्ट्रीमिंग की दुनिया में धमाल मचाने आ रही हैं। शिबानी अमेजॉन प्राइम की वेब सीरीज ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ के सीजन 2 में नजर आने वाली हैं। शिबानी रणबीर कपूर की ‘रॉय’ और शाहिद कपूर की ‘शानदार’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
खबर है कि शिबानी दांडेकर ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ के सीजन 2 का हिस्सा बनने वाली हैं। शिबानी आए दिन अपने ग्लैमर और हॉट फोटोज को लेकर लाइमलाइट में रहती हैं। वहीं, इस शो का पहला सीजन भी एडल्ट कंटेंट पर आधारित था। ऐसे में फैन्स, शिबानी का वही अंदाज अब वेब सीरीज में देखने के लिए काफी ज्यादा उत्साहित हैं।
‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ की कहानी मुंबई में रहने वाली चार लड़कियों की है। उन चार महिलाओं की मुलाकात एक बार में होती है और टकीला शॉट्स पीने के बाद वे चारों ‘बेस्ट फ्रेंड फॉरएवर’ बन जाती हैं।
आपको बता दें कि शिबानी दांडेकर एक्टिंग से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहती हैं। आए दिन उनको अपने ब्वॉयफ्रेंड अभिनेता फरहान अख्तर के साथ आउटिग पर स्पॉट किया जाता है। हालांकि, दोनों स्टार्स ने अपनी रिलेशनशिप को आधिकारिक तौर पर कबूल नहीं किया है।
शिबानी ने अपने करियर की शुरूआत अमेरिकन टेलीविजन में एक एंकर के तौर पर की थी। वह डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ की कंटेस्टेंट रह चुकी हैं। शिबानी ने आईपीएल के कई सीजन्स होस्ट किए हैं। शिबानी मराठी, हिंदी, तेलगु और मलयालम फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।