Publish Date: Thu, 09 Apr 2020 (09:26 IST)
Updated Date: Thu, 09 Apr 2020 (09:27 IST)
लॉकडाउन के दौरान एक्ट्रेस तापसी पन्नू अपने परिवार से दूर हैं। उनके माता-पिता दिल्ली में रहते हैं और वह मुंबई में रहती हैं। हाल ही में तापसी ने खुलासा किया है कि उन्हें एक खतरनाक बीमारी हैं और लॉकडाउन के दौरान वह कैसे इस बीमारी से मुकाबला रही हैं।
परिवार से दूर आइसोलेशन का समय कैसे बिता रही हैं, इस सवाल पर तापसी ने बताया कि वह खाना बनाने और घरेलू कामों में खुद को व्यस्त रखती हैं। हालांकि, एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि उन्हें खाना बनाने में बिलकुल मजा नहीं आता है, लेकिन वह इसलिए करती हैं क्योंकि वह इससे व्यस्त रहती हैं।
अपनी बीमारी के बारे में बताते हुए तापसी ने कहा कि उन्हें ओसीडी है। एक्ट्रेस को डर है कि जल्द उन्हें साफ करने के लिए कुछ नहीं मिलेगा। इसलिए वह खुद को दूसरे कामों में व्यस्त रखती हैं। उन्होंने आगे बताया कि लॉकडाउन पीरियड में वह अपने घर के पौधों का भी खास खयाल रख रही हैं।
क्या है ओसीडी
ओसीडी मतलब ऑबसेसिव कंपलसिव डिसॉर्डर, यह एक मानसिक बीमारी है। इस बीमारी के कारण लोगों में किसी काम को बार-बार करने की बेचैनी होती है और जब तक वह पूरी ना हो जाए तब तक चैन नहीं आता। ऐसे लोग किसी भी बात को लेकर जरूरत से ज्यादा उसकी चिंता करने लगते हैं। तापसी पन्नू के अलावा अजय देवगन, विद्या बालन, फरहान अख्तर, सनी लियोनी, प्रियंका चोपड़ा और रणवीर सिंह जैसे कई अन्य बॉलीवुड सितारे भी इस बीमारी से ग्रसित हैं।