Publish Date: Thu, 09 Jul 2020 (16:05 IST)
Updated Date: Thu, 09 Jul 2020 (16:07 IST)
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जगदीप का 81 साल की उम्र में बुधवार रात निधन हो गया। जगदीप को मजगांव के मुस्तफा बाजार सिया कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान जगदीप के दोनों बेटे जावेद और नावेद जाफरी ने उन्हें नम आंखों से आखिरी विदाई दी।
जगदीप की अंतिम यात्रा की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी इस दिग्गज कलाकार के जाने का शोक है। सभी सितारे सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। लेकिन कोरोना की वजह से ज्यादा लोग अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हो सके।
जगदीप का असली नाम सैय्यद इश्तियाक अहमद जाफरी था। 81 साल के जगदीप को उम्र की वजह से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें थी। जगदीप को उनके सूरमा भोपाली किरदार के लिए जाना जाता है। उन्होंने यह कैरेक्टर रमेश सिप्पी की फिल्म शोले में निभाया था।
जगदीप ने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। 2012 में वे आखिरी बार 'गली गली चोर' फिल्म में पुलिस कांस्टेबल की भूमिका में नजर आए थे।