Publish Date: Wed, 03 Feb 2021 (17:53 IST)
Updated Date: Wed, 03 Feb 2021 (18:10 IST)
कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में कई इंटरनेशनल सिलेब्स सामने आए हैं। वहीं हॉलीवुड की मशहूर सिंगर रिहाना भी किसानों के समर्थन में ट्वीट करके सुर्खियों में आ गई हैं। रिहाना ने किसानों के धरनास्थल पर सरकार की तरफ से इंटरनेट बंद किए जाने के मामले पर एक ट्वीट किया था।
रिहाना ने लिखा, 'हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं?' रिहाना के इस ट्वीट के बाद किसानों के आंदोलन को ग्लोबल सर्मथन मिलना शुरू हो गया और ग्रेटा थनबर्ग सहित दुनिया की कई बड़ी हस्तियों ने इसे लेकर ट्वीट कर डाले। आइए जानते हैं कि कौन हैं रिहाना....
महज 15 साल की उम्र से अपना म्यूजिक करियर शुरू करने वाली रिहाना हॉलीवुड की एक मशहूर सिंगर और एक्टर हैं। अपने करियर की शुरुआत में ही रिहाना को दिग्गज म्यूजिक प्रोड्यूसर इवान रोजर्स और कर्ल स्टर्कन के साथ परफॉर्म करने का मौका मिला।
2005 में रिहाना का पहला एलबम 'म्यूजिक ऑफ द सन' रिलीज हुआ, लेकिन उन्हें इंडस्ट्री में असली पहचान मिली अपने एलबम 'गुड गर्ल गॉन बैड' से।
इसके बाद रिहाना ने कई हिट म्यूजिक एलबम दिए, जिनमें 'रेटेड आर', 'लाउड', 'टॉक दैट टॉक' और 'अनअपोलोजेटिक' शामिल हैं। उनके एलबम 'अंब्रेला' के लिए रिहाना को पहली बार ग्रेमी अवार्ड से नवाजा गया।
32 साल की रिहाना अपने करियर में अभी तक 9 ग्रेमी अवॉर्ड, 13 अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड, 12 बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड और 6 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड जीत चुकी हैं।
लंदन के '02 एरेना' में सोलो आर्टिस्ट के तौर पर 10 म्यूजिक शो करने वाली रिहाना 4407 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं और उन्हें फोर्ब्स ने 2020 की सबसे रईस महिलाओं की सूची में शामिल किया था।
म्यूजिक इंडस्ट्री में धमाल मचाने के अलावा रिहाना ने 2012 में फिल्म Battleship के जरिए एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा। इसके बाद रिहाना ने लेरियन, द सिटी ऑफ ए थाउसैंड प्लेनेट्स और ओसिअन्स 8 में भी काम किया।
रिहाना ना केवल सिंगर बल्कि जानी मानी बिजनेसवुमन भी हैं। साल 2011 में उन्होंने अपने पर्फ्यूम ब्रैंड की शुरुआत की। 2015 में उन्होंने ब्यूटी और स्टाइलिस्ट एजेंसी Fr8me की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने फैशन ग्रुप LVMH के अंडर में फैशन ब्रैंड फेंटी की शुरुआत की।
किसान आंदोलन के अलावा रिहाना इससे पहले भी कई बार बड़े मुद्दों को लेकर सुर्खियों में आ चुकी हैं। साल 2016 में बियॉन्से, क्रिस रॉक और जेनिफर हडसन जैसी 20 बड़ी हस्तियों के साथ रिहाना ने अमेरिका में पुलिस की बर्बरता के खिलाफ पीएसए में हिस्सा लिया।
जब डोनाल्ड ट्रंप ने मुस्लिम आबादी वाले देशों के यात्रियों को अमेरिका में प्रतिबंधित करने का फैसला लिया, उस समय भी रिहाना ने खुलकर ट्रंप के फैसले का विरोध किया था।