रिलायंस मोबाइल और बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने रिलायंस के आर वर्ल्ड वीएएस प्लेटफॉर्म के जरिए लाइव ऑडियो सर्विस प्रदान करने की घोषणा की है। अगर यह साझेदारी होती है तो यह किसी भारतीय टेलीकॉम कंपनी द्वारा लॉन्च की गई पहली अंतर्राष्ट्रीय सेवा होगी।
इस साझेदारी के तहत बीबीसी वर्ल्ड सर्विस को पूरे भारत में मोबाइल फोन्स द्वारा लोगों तक पहुँचाया जाएगा। रिलायंस उपभोक्ता अब बीबीसी वर्ल्ड सर्विस समाचारों को पाँच विभिन्न भाषाओं में अपने मोबाइल पर सुन सकेंगे।
बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के अंग्रेजी समाचार सुबह साढ़े छ: बजे, आठ बजे, शाम साढ़े सात बजे और रात साढ़े दस बजे हिंदी में प्रसारित किए जाएँगे, तमिल में रात सवा नौ बजे, उर्दू में सुबह सात बजे, रात साढ़े आठ और ग्यारह बजे और बंग्ला में सुबह पाँच, छ: और शाम छ: बजे प्रसारित किए जाएँगे।
बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के साथ साझेदारी के बारे में रिलायंस कम्युनिकेशंस के कृष्णा दुरभा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रेडियो संचार का एक सशक्त और लोकप्रिय माध्यम है। इस साझेदारी के जरिए हम अपनी सेवाओं को यूजर तक उनकी अपनी भाषा में पहुँचाना चाहते हैं। कंपनी ने बताया की इस उपक्रम हम भारत के अधिकांश लोगों तक भाषायी और क्षेत्रीय तौर पर पहुँच बनाने की कोशिश कर रहे हैं।