दिवाली पर संजय दत्त की दो फिल्में प्रदर्शित होने वाली हैं। ‘ब्लू’ और ‘ऑल द बेस्ट’। इसको लेकर इन दिनों संजू बाबा मुसीबत में हैं। वे दोनों फिल्मों को प्रमोट करने में लगे हुए हैं, लेकिन दोनों फिल्म के निर्माताओं को लग रहा है कि वे सामने वाली फिल्म को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। संजू उन्हें विश्वास दिलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे सुनने को ही तैयार नहीं हैं।
‘ब्लू’ के लिए अक्षय कुमार एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं क्योंकि लगातार फ्लॉप फिल्मों से उनकी स्टार वैल्यू खतरे में हैं। वे चाहते हैं कि संजय ‘ब्लू’ को महत्व दे। उधर ‘ऑल द बेस्ट’ के निर्माता अजय देवगन हैं, जो संजय के अच्छे दोस्त बन गए हैं और मिलकर आईपीएल में टीम खरीदने की योजना बना रहे हैं। अजय चाहते हैं कि संजय ‘ऑल द बेस्ट’ पर ज्यादा ध्यान दें।
वैसे संजय ने पूरी कोशिश की थी कि एक ही दिन दोनों फिल्मों का आमना-सामना न हो, लेकिन अजय देवगन नहीं माने और दिवाली का फायदा उठाने के चक्कर में उन्होंने ‘ब्लू’ के सामने अपनी फिल्म को ला खड़ा किया। बेचारे संजू, न चाहते हुए भी अक्षय और अजय नामक पाटों के बीच पिस रहे हैं।