एक फास्ट ट्रैक अदालत ने नौकरानी के साथ कथित बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार अभिनेता शाइनी आहूजा को तुरंत चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को जेल अधिकारियों को आदेश दिया।
शाइनी के वकील ने अभिनेता के इलाज के लिए अदालत में आवेदन दाखिल किया था। शाइनी को जब फास्ट ट्रैक अदालत में पेश किया गया, तो उन्हें स्लिप डिस्क की समस्या के कारण रोते और दर्द से तड़पते देखा गया।
चलने में अक्षम के कारण शाइनी को दो कांस्टेबल सहारा दे कर अदालत कक्ष में ले कर आए। बाद में उन्हें बाहर ले जाकर बेंच पर बैठाया गया, जिस पर शाइनी लेट गए। शाइनी की ऐसी हालत को देखते हुए अभिनेता के वकील समीर नागरे ने उन्हें जल्द से जल्द चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए अदालत में आवेदन दिया।
अदालत ने जेल अधिकारियों को आदेश दिया कि वे अभिनेता को तुरंत चिकित्सा सहायता दिलाएँ और जरूरत पड़ने पर उन्हें जेजे अस्पताल में भर्ती कराएँ।
शाइनी के वकील ने फॉरेंसिक रिपोर्ट की प्रति की माँग के लिए अदालत में आवेदन दखिल किया था, जिस पर आज अदालत का आदेश जारी होने की संभावना थी, लेकिन मामले की सुनवाई को सात अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
About Writer
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।....
और पढ़ें