बैनर : सहारा वन मोशन पिक्चर्स, एस के फिल्म्स इंटरप्राइज़ेस
निर्माता : बोनी कपूर
निर्देशक : प्रभुदेवा
संगीत : साजिद-वाजिद
कलाकार : सलमान खान, आयशा टाकिया, महेश मांजरेकर, प्रकाश राज
रिलीज़ डेट : 18 सितम्बर 2009
‘वांटेड’ इस वर्ष की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है, जिसका इंतजार सलमान के प्रशंसक बेसब्री से कर रहे हैं। सलमान खान बड़े दिनों के बाद एक्शन रोल में दिखाई दे रहे हैं। खुद सलमान कहते हैं कि इस फिल्म में उन्होंने हाथ-पैर ज्यादा चलाए हैं।
कहानी है राधे (सलमान खान) की। राधे पैसों के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार है, लेकिन अपनी शर्तों पर। वह जिससे दोस्ती करता है, उसे हर हालत में निभाता है। जो वादा करता है उसे पूरा करने के लिए वह कुछ भी कर सकता है।
तेज दिमाग राधे एक शूटर (निशानची) है। वह निशाना लगाता है खतरनाक गैंगस्टर गनी भाई (प्रकाश राज) के दुश्मनों पर। निडर राधे अकेला ही गनी भाई के दुश्मनों पर भारी पड़ता है और एक-एक कर उनका खात्मा करता है। गनी भाई के दुश्मन तो वह कम कर रहा है, लेकिन इसके जरिये वह अपने दुश्मनों की संख्या बढ़ाता जाता है। राधे उस समय चकित रह जाता है जब जाह्नवी (आयशा टाकिया) बताती है कि वह उसे पसंद करती है। जाह्नवी शर्मीली, मासूम और सीधी-सादी लड़की है। इंसपेक्टर तलपदे (महेश मांजरेकर) की नजर जाह्नवी पर है, लेकिन उसे पता नहीं है कि राधे को जाह्नवी पसंद करती है। तलपदे बेहद जिद्दी इंसान है। जो चाहता है वो पाकर ही रहता है। चाहे पैसा हो या औरत।गोल्डन गैंग हो या दाता पावले की गैंग, सबकी निगाह मुंबई पर कब्जा जमाने की है। मुंबई को पाने के लिए सभी एक-दूसरे की जान के दुश्मन हैं। उनकी राह में जो आता है, उसे वे मार डालते हैं।
मुंबई में गैंगवार जोरों पर है। कमिश्नर अशरफ खान कसम खाते हैं कि वे मुंबई को अपराधियों से मुक्त कर देंगे। वे एक ही दिन में 200 से ज्यादा अपराधियों को पकड़ते हैं। गैंगस्टर बनाम गैंगस्टर और पुलिस बनाग गैंगस्टर होने से स्थिति और बिगड़ जाती है। इसी बीच राधे मुंबई का ‘मोस्ट वांटेड मैन’ बन जाता है। दूसरी गैंग वाले उसे मारना चाहते हैं क्योंकि वह बहुत कुछ जानता है। पुलिस उसे जिंदा पकड़कर पूछना चाहती है कि वह क्या जानता है।