‘बाल गणेश’ सफलता के बाद शेमारू एंटरटेनमेंट की नई एनिमेशन फिल्म प्रदर्शन के लिए तैयार है। 15 करोड़ की लागत से निर्मित यह 100 मिनट की फिल्म पूरे परिवार का मनोरंजन करेगी, ऐसा निर्माताओं का दावा है।
भीम और हिडिम्बा का पुत्र घटोत्कच जिसे सब प्यार से घट्टू कहते हैं, जंगल का राजकुमार है। उसे कई शक्तियाँ प्राप्त हैं। अपनी जादुई शक्तियों के जरिए वह खूब कमाल दिखाता है, साथ ही असहाय लोगों की मदद सहायता भी करता है।
गज्जू की दोस्ती एक हाथी के बच्चे से हो जाती है। यह फिल्म उस राजकुमार और उसके दोस्त हाथी की कहानी है, जो जादू और मनोरंजन से भरपूर है। दोनों मिलकर बुरी शक्तियों के खिलाफ लड़ाई करते हैं और विजयी होते हैं।
इस फिल्म का निर्देशन सिंगीतम श्रीनिवास राव ने किया है, जिन्होंने अपने 50 वर्ष के करियर में 60 से ज्यादा फिल्में बनाई हैं। बच्चों के लिए उन्होंने ‘लिटिल जॉन’, ‘पाँडववास’ और ‘सन ऑफ अलादीन’ जैसी उम्दा फिल्में निर्मित की हैं।
PR
इसके अलावा ‘पुष्पक’, ‘अप्पू राजा’ और ‘मयूरी’ जैसी सुपरहिट फिल्म भी उनके नाम के आगे दर्ज हैं। ‘घटोत्कच’ के बारे में उनका कहना है ‘मैंने इस फिल्म का निर्माण करते समय भरपूर आनंद उठाया है। इसे बनाने में मैंने दो वर्ष तक कठोर परिश्रम किया। फिल्म में आठ गानें और भरपूर एक्शन है। यह फिल्म पूरे परिवार को पसंद आएगी, ऐसा मेरा विश्वास है।‘
यह फिल्म हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बंगाली भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी।