रोमांटिक कॉमेडी 'चीनी कम' में बुद्धदेव गुप्ता (अमिताभ बच्चन) 64 साल के बच्चे हैं, जबकि 34 साल की नीना वर्मा (तब्बू) बूढ़ी औरत। कहने का मतलब है मिजाज और अंदाज से दोनों ही अपने उम्र के विपरीत हैं।
बुद्धदेव लंदन के एक बड़े रेस्तराँ में सैफ हैं या यूँ कहें आधे मालिक हैं। यह लंदन के बड़े भारतीय रेस्तराँओं में शुमार है। बुद्धदेव अपनी 85 साल की माँ के साथ लंदन में ही रहता है और उसकी एकमात्र दोस्त है उसकी 9 साल की पड़ोसन सेक्सी। बुद्धदेव काफी उग्र और जिंदादिल इंसान है। खाना बनाना उसका सबसे बड़ा शौक है। उसने कभी किसी से प्यार से नहीं किया और अभी तक अकेले ही जिंदगी काट रहा है।
नीना उसके रेस्तराँ में आती है और साथ ही उसकी जिंदगी में भी। वह शांत स्वभाव की प्यारी-सी सुन्दर महिला है। उसके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती है, लेकिन उसे स्वतंत्र रहना ही पसंद है।
नीना और बुद्धदेव दो किनारों की तरह होते हुए भी मिलते हैं। एक तो उनकी उम्र में काफी फासला है और उनके स्वभाव में भी। फिर भी दोनों जिंदगी साथ बिताना चाहते हैं। बुद्धदेव शादी की बात करने नीना के पिता ओमप्रकाश वर्मा (परेश रावल) के पास जाता है। लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत है कि जहाँ ओमप्रकाश 58 साल का ही है वहीं उनका होने वाला दामाद 64 साल का। क्या होता है आगे इस रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म 'चीनी कम' में।