एनिमेशन फिल्म ‘जंबो’ अक्षय कुमार के कारण चर्चा में है, जिसमें अक्षय ने अपनी आवाज दी है। अक्षय ने ऐसा अपने बेटे अराव की खातिर किया है। यही नहीं अक्षय ने लारा दत्ता, डिम्पल कपाडि़या, राजपाल यादव और गुलशन ग्रोवर जैसे कलाकारों को भी फिल्म के विभिन्न पात्रों को आवाज देने के लिए राजी किया। कहा जा रहा है कि अक्षय को सिर्फ आवाज देने के बदले 9 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।
जंबो हाथी का बच्चा है। उसके पिता नहीं है, इसलिए उसे दूसरे हाथी परेशान करते हैं। जंबों को अपने पिता के बारे में ज्यादा मालूम नहीं है। उसे सिर्फ इतना बताया गया कि वे राजा के साथ युद्ध में लड़ाई के लिए जाते थे। जंबों अपने पिता के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाहता है।
एक दिन कुछ लोग जंबो को पकड़ लेते हैं। जंबो की प्रिंस नामक लड़के से दोस्ती हो जाती है। जंबो उसकी मदद से भाग निकलता है और एक गाँव में पहुँच जाता है।
गाँव में बहुत सारे हाथी हैं जो मनुष्य के साथ मिलकर काम करते हैं। जंबो को पालतू बनाने के लिए जंजीरों से बाँध दिया जाता है। उसे प्रशिक्षित किया जाता है ताकि वह बुद्धिमान बने। धीरे-धीरे जंबो बड़ा होता है और शक्तिशाली बन जाता है।
IFM
एक दिन गाँव में कुछ लोग टैक्स वसूलने आते हैं। जब वे बहुत ज्यादा टैक्स लेते हैं तो गाँव के लोग नाराज हो जाते हैं। उनकी आपस में लड़ाई होती है, जिसमें गाँव वाले हाथियों की मदद से जीत जाते हैं।
यह बात राजा तक पहुँचती है। वे जंबो को अपनी सेना में शामिल कर लेते हैं। एक बार युद्ध होता है और जंबो को लड़ने भेजा जाता है। युद्धभूमि में जंबो का मुकाबला एक भीमकाय हाथी से होता है। जंबो को पता चलता है कि ये वो ही हाथी है, जिसने उसके पिता को मारा था। जंबो उससे खूब मुकाबला करता है और अंत में विजयी होता है।