निर्माता : विनोद बच्चन, शैलेन्द्र आर.सिंह, सूर्या सिंह निर्देशक : आनंद एल. राय कलाकार : आर.माधवन, कंगना, जिमी शेरगिल, दीपक डोब्रियाल, एजाज खान रिलीज डेट : 25 फरवरी 2011
PR
कहते हैं कि शादियाँ स्वर्ग में ही तय हो जाती हैं, लेकिन जोड़ियों को शादी तक पहुँचने के लिए टेढ़े-मेढ़े रास्ते से गुजरना होता है। कई कठिनाइयाँ रास्ते में आती हैं। ‘तनु वेड्स मनु’ कुछ इसी तरह की कहानी पर आधारित फिल्म है।
PR
पहले मिलते हैं तनुजा त्रिवेदी (कंगना) उर्फ तनु से। खूबसूरत तनु बहुत बोलती है। अपनी शर्तों पर जीना उसे पसंद है। कानपुर की रहने वाली है और दिल्ली युनिवर्सिटी से बी.ए.(ऑनर्स) कर रही है। तेज बाइक चलाना, टैटू बनवाना और शराब पीना (वो भी नीट) उसे बहुत पसंद है। अरेंज मैरिज, सामाजिक बंधन और कोई उसे यह बताए कि क्या करना है जैसी बातों से उसे नफरत है। स्मार्ट और होशियार तनु हर वो चीज करती है जो उसके माता-पिता को पसंद नहीं है। उसे तो उस लड़के की तलाश है जिससे उसके माता-पिता नफरत करें ताकि वह उससे शादी कर ले।
PR
अब बात होगी मनोज शर्मा (माधवन) उर्फ मनु की। एक प्रतिष्ठित परिवार का यह लड़का होशियार, कूल और सीधा-सादा इंसान है। ऐसा लड़का जिसे हर लड़की के पैरेंट्स ढूँढते फिरते हैं। शर्मिला और स्वीट-सा यह बंदा ‘परफेक्ट हसबैंड’ की परिभाषा पर खरा उतरता है। पढ़ाई-लिखाई कर डॉक्टर बन गया है और लंदन में सैटल हो गया है। मनु को पढ़ना और पुराने हिंदी फिल्मों के गाने सुनना बहुत अच्छा लगता है। भीड़ वाली जगह और शोरगुल वाला संगीत उसे नापसंद है। अपने माता-पिता की आज्ञा टालने की बात सपने में भी नहीं सोच सकता। एक प्यारी-सी घरेलू किस्म की लड़की से वह शादी करना चाहता है। परिवार वालों के कहने पर मनु कानपुर में तनु से मिलने आता है।
PR
तनु और मनु का एक भी गुण नहीं मिलता है। स्वभाव में एक आग है तो दूसरा पानी। लेकिन भाग्य ने उनके लिए कुछ और ही सोच रखा है। बार-बार उनके रास्ते एक-दूसरे से टकराते हैं और उनकी कहानी कई मजेदार उतार-चढ़ाव लेती है।
निर्देशक के बारे में : आनंद एल. राय ने शिल्पा शेट्टी के पति राज कुन्द्रा के लिए ‘स्ट्रेंजर्स’ (2007) बनाई थी, जिसमें केके मेनन, जिमी शेरगिल, नंदना सेन और सोनाली कुलकर्णी जैसे कलाकारों ने काम किया था। फिल्म की सराहना हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर सफलता नहीं मिली। आनंद की दूसरी फिल्म ‘थोड़ी लाइफ थोड़ा मैजिक’ (2008) ने निराश किया। ‘तनु वेड्स मनु’ के जरिये आनंद को बड़ा ब्रेक मिला है और हास्य से भरपूर इस फिल्म से उन्हें पहचान मिलने की आशा है।