निर्माता : यश चोपड़ा, आदित्य चोपड़ा निर्देशन, कथा, पटकथा, संवाद : आदित्य चोपड़ा गीतकार : जयदीप साहनी संगीतकार : सलीम मर्चेण्ट - सुलेमान मर्चेण्ट कलाकार : शाहरुख खान, अनुष्का शर्मा (नया चेहरा), विनय पाठक, विशेष भूमिका में - काजोल, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा और प्रियंका चोपड़ा प्रदर्शित होने की तारीख : 12 दिसंबर 2008
क्या आपने कभी सोचा है कि रोड पर घूमते हुए या आपके आसपास एक साधारण, आम और अनाकर्षक से व्यक्ति के पास बताने के लिए अपनी प्रेम कहानी हो सकती है? ज्यादातर लोग नहीं कहेंगे क्योंकि आम आदमी के पास प्यार, छेड़छाड़ और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी कैसे हो सकती है?
लेकिन प्यार साधारण और असाधारण, आकर्षक और अनाकर्षक जैसी चीजों में भेद नहीं करता। यह किसी को भी हो सकता है। जिसके तन और मन पर प्यार का नशा छा जाता है, उसे चमत्कारी अनुभव होते हैं।
PR
कुछ ऐसा ही अनुभव हुआ सुरिंदर साहनी (शाहरुख खान) को। दिखने में साधारण, साफ दिल, ईमानदार सुरिंदर पंजाब पॉवर के लिए काम करता है। नीरस जिंदगी जी रहे सुरिंदर की मुलाकात तानी (अनुष्का शर्मा) से होती है।
सुरिंदर जितना नीरस है, तानी उतनी ही जिंदादिल, जिंदगी का भरपूर मजा लेने वाली लड़की है। उसके लिए पूरी दुनिया एक कैनवास है, जिसमें वह इंद्रधनुषी रंग भरती रहती है। अप्रत्याशित घटनाक्रम कुछ ऐसे घटते हैं जो दोनों को साथ कर देते हैं।
इसके बाद शुरू होती है एक ऐसी यात्रा जो हँसी, आँसू, खुशी, दर्द, संगीत, नृत्य और ढेर सारे प्यार से सराबोर है। एक ऐसी यात्रा जो हमें विश्वास दिलाती है कि हर साधारण जोड़ी में एक असाधारण प्रेम कहानी होती है।