निर्माता : डॉ. अरविंद पटेल निर्देशक : आरिफ शेख संगीत : विपिन मिश्रा, तरली शर्मा कलाकार : गायत्री पटेल, अजय चौधरी, आकिब अफज़ल, सुगंधा गर्ग, आसिफ बसरा
यूएस में पैदा हुई और पली-बढ़ी गायत्री पटेल की पहली फिल्म ‘लेट्स डांस’ जल्दी ही सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है। इसमें उन्होंने एक डांस टीचर की भूमिका निभाई है, जो खुद सफलता पाना चाहती है साथ ही वह एक बच्चों के समूह को भी प्रेरित करती है।
सुहानी (गायत्री पटेल) एक युवा डांसर है, जिसका सपना है कि वह बहुत बड़ी डांसिंग स्टार बने। वह अपने सर्वश्रेष्ठ दोस्त अनुष्का (सुगंधा गर्ग) के साथ रहती है। शर्माजी (अंजन श्रीवास्तव) से उसने किराए पर एक हॉल ले रखा है, जिसमें वह डांस सिखाती है।
PR
14 वर्षीय आफताब (आभास यादव) प्रतिभाशाली डांसर है, लेकिन उसका कोई सपना नहीं है। जहाँ सुहानी म्यूजिक वीडियो में काम करने के सपने देख रही है, वहीं आफताब को मुंबई की गलियों में अपने दोस्तों के सिवाय और कुछ नहीं दिखता। सुहानी इन बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित होती है और चाहती है कि वे आगे बढ़ें।
कहानी में नील (अजय चौधरी) आता है, जिसे सुहानी से इश्क हो जाता है। वह सुहानी के डांसिंग स्टार बनने के सपने को पूरा करने में उसकी मदद करता है। नील की इस कोशिश में वीडियो डॉयरेक्टर रेहान जोंस उर्फ आरजे आड़े आ जाता है, जो सुहानी को सुपरस्टार बनाने की कोशिश में जी-जान से जुट जाता है।
फिल्म की नायिका गायत्री ‘मिस इंडिया जॉर्जिया’ के साथ ‘मिस इंडिया यूएसए’ में उपविजेता रह चुकी हैं। वे नृत्य में माहिर हैं। अभिनय के प्रति प्यार उन्हें बॉलीवुड खींच लाया।
PR
सत्यदेव दुबे और मकरंद देशपांडे से उन्होंने अभिनय के टिप्स लिए। इंदर कुमार और जुगल हंसराज के साथ उन्होंने तीन म्यूजिक वीडियो किए और एक दिन राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त एडिटर आरिफ शेख ने उन्हें ‘लेट्स डांस’ की नायिका बना दिया।
इस फिल्म में नृत्य पर खास ध्यान दिया गया है। लांगिनस फर्नांडीस (जय हो, पप्पू कांट डांस साला), राजीव गोस्वामी (वीर जारा, धूम), पप्पू-मालू (साँवरिया) और सरोज खान जैसे कोरियोग्राफर्स ने फिल्म के गानों का निर्देशन किया है।