रॉब के अंदर प्रतिभा है, लेकिन संगीतकारों का सहायक बनकर उसे अपनी प्रतिभा को दबाना पड़ता है, जिसका दर्द वह अकेले बर्दाश्त करता है। फिल्म की मूल थीम ‘जीतने के जज्बे’ को लेकर है, जिसमें दोस्ती, संगीत, ईगो और आपसी रिश्तों को मिलाकर निर्देशक अभिषेक कपूर ने खूबसूरती के साथ परदे पर पेश किया है। उनका कहानी कहने का तरीका शानदार है। फिल्म वर्तमान और अतीत के बीच चलती रहती है और फ्लैश बैक का उपयोग उन्होंने पूरे परफेक्शन के साथ किया है।अभिषेक द्वारा निर्देशित कुछ दृश्य छाप छोड़ते हैं। वर्षों बाद जब आदित्य से मिलने रॉब और केडी आते हैं तो वे आदित्य से हाथ मिलाते हैं। इसके फौरन बाद आदित्य अपने हाथ धोता है, उसे डर लगता है कि हाथ मिलाने से उसके अंदर मर चुके संगीत के जीवाणु फिर जिंदा न हो जाएँ। आदित्य के चरित्र में आए बदलाव को निर्देशक ने दो दृश्यों के जरिए खूबसूरती के साथ पेश किया है। आदित्य ऑफिस के गॉर्ड के अभिवादन का कभी जवाब नहीं देता था, लेकिन जब बैंड फिर से शुरू किया जाता है तो वह आगे बढ़कर उनका अभिवादन करता है। निर्देशक ने इन दो दृश्यों के माध्यम से दिखाया है कि संगीत के बिना आदित्य कितना अधूरा था।चूँकि फिल्म रॉक कलाकारों के बारे में है, इसलिए उन्हें स्टाइलिश तरीके से परदे पर पेश किया गया है। निहारिका खान का कॉस्ट्यूम सिलेक्शन तारीफ के काबिल है। कलाकारों के लुक पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।फिल्म में कुछ कमियाँ भी हैं। निर्देशक यह ठीक से नहीं बता पाए कि आदित्य अपनी पत्नी साक्षी से क्यों नाराज रहता है? रॉब को बीमार नहीं भी दिखाया जाता तो भी कहानी में कुछ खास फर्क नहीं पड़ता। मध्यांतर के बाद फिल्म की गति धीमी पड़ जाती है। कुछ लोगों को ‘रॉक ऑन’ देखकर ‘दिल चाहता है’ और ‘झंकार बीट्स’ की भी याद आ सकती है। ऐसी फिल्मों में संगीतकारों की भूमिका अहम रहती है। शंकर-अहसान-लॉय का संगीत थोड़ा कमजोर जरूर है, लेकिन फिल्म देखते समय अच्छा लगता है। फिल्म के हिट होने के बाद इसका संगीत भी लोकप्रिय होगा। जेसन वेस्ट के कैमरा वर्क और दीपा भाटिया के संपादन ने फिल्म को स्टाइलिश लुक दिया है। निर्देशक के रूप में अपनी धाक जमा चुके फरहान अख्तर अच्छे अभिनेता भी हैं। उनका चरित्र कई शेड्स लिए हुए है और उन्होंने हर शेड को बखूबी जिया। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने गाने भी गाए हैं। भारी-भरकम संगीत में आवाज का ज्यादा महत्व नहीं रहता है इसलिए उनकी कमजोर आवाज को बर्दाश्त किया जा सकता है।
अर्जुन रामपाल सही मायनों में रॉक स्टार हैं और उन्होंने अपने चरित्र को बखूबी जिया है। उनकी पत्नी डेबी की भूमिका शहाना गोस्वामी ने बेहतरीन तरीके से निभाई है। प्राची देसाई, पूरब कोहली, कोयल पुरी और ल्यूक केनी भी अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं।
घटिया मसाला फिल्मों के बीच ‘रॉक ऑन’ एक ताजे हवा के झोंके के समान है।