Publish Date: Thu, 25 Feb 2016 (13:38 IST)
Updated Date: Thu, 25 Feb 2016 (13:52 IST)
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने गुरुवार को संसद में रेल बजट पेश किया। बजट ज्यादातर ध्यान उनका राजस्व जुटाने और यात्री सुविधाओं पर रहा। हालांकि रेलमंत्री ने ज्यादातर चीजों के लिए 2020 का लक्ष्य रखा है।
नहीं बढ़ा किराया : प्रभु ने बजट में उम्मीदों के अनुरूप यात्री किराया नहीं बढ़ाया न ही माल भाड़ा बढ़ाया है।
चार नई ट्रेनें : तेजस, हमसफर, उदय और अंत्योदय के नाम से चार नई ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। हालांकि ये ट्रेनें कहां से कहां तक चलेंगी इसकी घोषणा अभी नहीं की गई है। उदय ट्रेन एसी होगी, डबल डेकर होगी और रात चलेगी। तेजस की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रतिघंटा की होगी, जबकि हमसफर में सिर्फ थर्ड एसी के डिब्बे होंगे। अंत्योदय एक्सप्रेस अनारक्षित ट्रेन होगी। अहमदाबाद से मुंबई के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन के लिए जापान के सहयोग से जल्द ही काम शुरू होगा।
आरक्षण : प्रभु ने कहा कि 2020 तक ट्रेन में सबको आरक्षण मिलेगा। इतना ही नहीं उन्होंने 2020 तक 95 प्रतिशत ट्रेनों को समय पर चलाने का लक्ष्य भी रखा है।
वरिष्ठ नागरिक : वरिष्ठ नागरिकों को सभी ट्रेनों में 50 फीसदी सीटों पर आरक्षण मिलेगा। सभी ट्रेनों में नीचे की 120 बर्थ बुजुर्गों के लिए आरक्षित होंगी।
महिलाएं : बजट में प्रभु ने महिलाओं का भी ध्यान रखा है। उन्होंने महिलाओं के लिए 30 फीसदी सीटों पर आरक्षण की व्यवस्था की है। साथ महिला हेल्पलाइन के लिए नंबर 182 की भी घोषणा की है। बीच की बर्थ महिलाओं के लिए आरक्षित होगी।
दिल्ली और मुंबई : दिल्ली में प्रदूषण की समस्या को ध्यान में रखते हुए रिंग रोड जैसी रिंग रेल बनाई जाएगी। इसके लिए दिल्ली में 21 नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। साथ मुंबई में यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर चर्चगेट से विरार और सीएसटी से पनवेल तक एलिवेटेड रेल चलेगी।
मेक इन इंडिया : मेक इन इंडिया के तहत 40 हजार करोड़ की लागत से 2 रेल इंजन के कारखाने लगाने पर काम किया जाएगा। मानव रहित रेल फाटक 2020 तक खत्म करने की बात कही गई है। चेन्नई में ऑटो रेल हब बनाया जाएगा।
आस्था सर्किट : तीर्थस्थलों के रेलवे आस्था सर्किट बनाएगा। साथ तीर्थयात्रा वाले रेलवे स्टेशनों को विशेष तौर पर चमकाया जाएगा। पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी बेहतर संपर्क व्यवस्था पर जोर दिया है। अगरतला और मणिपुर को रेलवे से जोड़े जाने की बात कही गई है।
विश्रामगृह : प्रभु ने ऐलान किया है कि अब रेलवे स्टेशनों पर विश्रामगृह घंटे के हिसाब से बुक होंगे। रिटायरिंग रूम की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकेगी।