अब बनेंगे विशेषज्ञ
ऑल इंडिया प्री पोस्ट ग्रेजुएशन के परीक्षा परिणाम घोषित
Publish Date: Tue, 16 Feb 2010 (19:50 IST)
Updated Date: Tue, 16 Feb 2010 (19:49 IST)
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस द्वारा आयोजित ऑल इंडिया प्री पोस्ट ग्रेजुएशन (एमडी/एमएस) की परीक्षा के परिणाम 15 फरवरी की शाम घोषित किए गए जिसमें अनेक विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर शहर का नाम रोशन किया। गौरतलब है कि यह परीक्षा 10 जनवरी को आयोजित हुई थी।
बेहतर काम करना है : परीक्षा में 228वीं रैंक हासिल करने वाली सुरभि चौधरी कहती हैं कि मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और दोस्तों को देना चाहती हूँ जिन्होंने मुझे हमेशा मोटिवेट किया। मुझे मेरे पिता डॉ. आनंद चौधरी ने समय-समय पर मार्गदर्शन दिया। अब सिर्फ बेहतर काम करना है। मैं डर्मेटोलॉजिस्ट में विशेषज्ञता हासिल करना चाहती हूँ।
सफलता से खुश हूँ : परीक्षा में 256वीं रैंक हासिल करने वाले राजकुमार रघुवंशी का कहना था कि मैं अपनी सफलता को लेकर बेहद उत्साहित हूँ। निश्चित ही यह सफलता कठोर परिश्रम का परिणाम है। परीक्षा में 2783वीं रैंक हासिल करने वाले विवेक शर्मा का कहना था कि मैं अपनी सफलता पर खुश हूँ।
दो वर्ष की तैयारी : परीक्षा में 1511वीं रैंक प्राप्त करने वाले फैयाज अहमद खान ने कहा कि परीक्षा में सफल होने में परिवार व शिक्षकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण रहा है। दो वर्ष से परीक्षा की तैयारी करने के बाद मुझे सफलता हासिल हुई है। भविष्य में न्यूरोसर्जन बनना चाहता हूँ।
सफलता का श्रेय माता-पिता को : परीक्षा में 1086वीं रैंक हासिल करने वाले हर्षल शाह ने कहा कि परीक्षा में सफलता का श्रेय मैं अपने माता-पिता को देना चाहता हूँ। इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत व लगन से पढ़ाई की। इसी का परिणाम है कि मैं आज इसी परीक्षा में सफल हो सका। (नईदुनिया)