मैं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें।
-महेश रस्तोगी, सरदारपुर (धार)
आपदा प्रबंधन (डिजास्टर मैनेजमेंट) के पाठ्यक्रम के अंतर्गत आपदाओं से निपटने के तौर-तरीकों, पुनर्वास, प्राकृतिक आपदाओं की सूचना देने वाले संवेदी उपकरणों आदि की जानकारी दी जाती है। आपदा प्रबंधन पाठ्यक्रमों का एक महत्वपूर्ण अंग प्रभावित क्षेत्रों में जाकर काम करने का मिलने वाला अवसर है। जो युवा आपदा प्रबंधन में डिप्लोमा या डिग्री कोर्स करना चाहते हैं, उनके लिए बारहवीं परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
कुछ विश्वविद्यालय आपदा प्रबंधन कोर्सों में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा का भी आयोजन करते हैं। आपदा प्रबंधन का कोर्स करने के उपरांत सरकारी तथा गैर सरकारी क्षेत्र में रोजगार की उजली संभावनाएँ हैं। सरकारी व गैर सरकारी क्षेत्र में चलने वाली आपदा परियोजनाओं में आप बतौर कार्यक्रम सहायक काम कर सकते हैं। इसके अलावा नीति विश्लेषक, कार्यक्रम मूल्यांकनकर्ता, अनुसंधान निदेशक, कार्य विश्लेषक, मानव संसाधन अधिकारी आदि के रूप में काम करने के अवसर मौजूद हैं।
आपदा प्रबंधन का पाठ्यक्रम कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट, नई दिल्ली/ डिजास्टर मिटिगेशन इंस्टीट्यूट, अहमदाबाद/ एन्वायरमेंटल प्रोटेक्शन ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेंटर, हैदराबाद/ इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली।
काष्ठ विज्ञान (वुड साइंस) का कोर्स कहाँ से किया जा सकता है?
-प्रवीण नामदेव, करेली (नरसिंहपुर)
काष्ठ विज्ञान के कोर्स के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ वुड साइंस एंड टेक्नॉलॉजी, 18वाँ क्रॉस, बेंगलुरू से संपर्क किया जा सकता है।
कृपया मुझे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद का वेबसाइट एड्रेस बताएँ।
- शशिकांत गौर, सिराली (हरदा)
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, पाल्दी, अहमदाबाद का वेबसाइट एड्रेस है- www.nid.edu.org
पत्राचार माध्यम से बीएड कहाँ से किया जा सकता है?
-भावना देशपांडे, खनियाधाना (शिवपुरी)
पत्राचार से बीएड करने के लिए इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली/ भोज ओपन यूनिवर्सिटी, भोपाल/ कोटा ओपन यूनिवर्सिटी, कोटा से संपर्क किया जा सकता है।
मैं इंडियन कोस्ट गार्ड में नाविक के रूप में भर्ती होना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें।
- गोपाल धुर्वे, पखांजुर (कांकेर)
इंडियन कोस्ट गार्ड में नाविक बनने के लिए उम्मीदवार दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए तथा उसकी आयु 22 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। विस्तृत विवरण के लिए आप निदेशक (प्रशिक्षण) रिक्रूटमेंट सेल, कोस्ट गार्ड मुख्यालय, नेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली- 01 से संपर्क करें।