-
रणजीत प्रतियोगिता के दौर में मीडिया का चेहरा बड़ी तेजी से चमका है। यही वजह है कि आज युवाओं का रूझान इस ओर काफी बढ़ा है, खासतौर से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने उन्हें खासा आकर्षित किया है। नेम, फेम और पैसे की चमक ने इसका ग्लैमर और भी बढ़ाया है। टीवी स्क्रीन के जरिए नाम और दाम कमाने की ख्वाहिश लेकर आज हजारों युवा पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की ललक लिए आते हैं। इसमें कुछ पर समाज बदलने का जुनून सवार होता है तो कुछ में प्रसिद्घि पाने की ललक। कुछ समय पहले तक समाचार वाचक की छवि ऐसी होती थी, जो अपने नपे-तुले शब्दों और संयत भावों से समाचार पढ़ता था। आज यह अवधारणा पूरी तरह से बदल गई है। समाचार वाचन को भी मनोरंजन से जोड़कर देखा जाने लगा है। योग्यताएँ1)
समाचार वाचक को भाषा का ज्ञान होना जरूरी है। अगर आप हिन्दी में भी समाचार सुना रहे हैं, तो इसका अर्थ यह नहीं है कि आपको अँग्रेजी की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।आपको स्टूडियो में बैठे-बैठे किसी ऊँचे पद पर आसीन व्यक्ति से बात करनी पड़ सकती है, जिन्हें हिन्दी बिल्कुल न आती हो। 2)
कैमरे का सामना करते समय आपके चेहरे पर आत्मविश्वास दिखना चाहिए। आपके बोलने और बैठने का तरीका भी बहुत मायने रखता है। 3)
केवल आकर्षक नैन-नक्श ही सबकुछ नहीं होता, आपको खबरों के बारे में गहराई से जानकारी होनी चाहिए। न केवल उस खबर के वर्तमान की, बल्कि इतिहास का भी ज्ञान होना चाहिए।4)
एक समाचार वाचक तभी अच्छा माना जाता है, जब उसे खेल, राजनीति, फिल्म आदि की क्षेत्रों की भी समझ हो।
प्रशिक्षण संस्थान
समाचार वाचन में करियर बनाने के लिए पत्रकारिता के पाठ्यक्रम इन संस्थानों से कर इस क्षेत्र में प्रवेश किया जा सकता है-
एजेके एमसीआसी,जामिया मिलिया विवि -नई दिल्ली
इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन -नई दिल्ली
भारतीय विधा भवन्स,कस्तूरबा गॉंधी मार्ग -नई दिल्ली
जेवियर इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन -मुंबई
बनारास हिन्दू विवि -वाराणसी
देवी अहिल्या विवि -इंदौर
गुरू नानक देव विवि -अमृतसर
माखन लाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विवि-भोपाल
वेतनमान
समाचार वाचन में वेतन आपकी योग्यताओं और अनुभव के आधार पर तय किया जाता है। प्राइवेट चैनल के आने के बाद समाचार वाचक की नियुक्तियॉं अनुबंध के आधार पर की जाने लगी है।
इसके तहत एंकर का अनुबंध 50 हजार प्रतिमाह से 5 लाख रु. प्रतिमाह तक हो सकता है। नए समाचार वाचक को कम-से-कम 20 से 30 हजार रु. प्रतिमाह तक मिल जाता है।