फिजिकल एजुकेशन में करियर?
-
डॉ.जयंतीलाल भंडारी मैं फिजिकल एजुकेशन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। संदीप शर्मा, सुवासरा (मंदसौर)
-
स्पोर्ट्स क्लबों एवं फिटनेस सेंटरों के लगातार बढ़ने से इस क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ गए हैं। इस क्षेत्र में सर्टिफिकेट इन फिजिकल एजुकेशन व 3 साल का बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन का कोर्स उपलब्ध है। बीपीएड के लिए 10+2 तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए बैचलर डिग्री आवश्यक है। प्रशिक्षण देने वाले प्रमुख संस्थान हैं- लक्ष्मीबाई कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर/ शारीरिक शिक्षा विभाग रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर/ देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर। वाइल्ड लाइफ साइंस में एमएससी पाठ्यक्रम कहाँ से किया जा सकता है। दीपक रायकवार, सागर -
यह पाठ्यक्रम इंस्टीट्यूट ऑफ वाइल्ड लाइफ साइंस, देहरादून में उपलब्ध है। क्या प्राइवेट पोस्ट ग्रेजुएशन करने के उपरांत पीएचडी की जा सकती है? रोहित सक्सेना, खिरकिया (हरदा)-
न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक यदि आप स्नातकोत्तर परीक्षा में लाते हैं तो पीएचडी हेतु रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। पत्राचार माध्यम से हिन्दी साहित्य में एम.फिल कहाँ से किया जा सकता है? राधिका पाटिल, बुरहानपुर -
आप बीआर आम्बेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, हैदराबाद तथा इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली से उक्त पाठ्यक्रम कर सकती हैं।
कृपया मुझे अन्नामलाई विश्वविद्यालय का वेबसाइट एड्रेस बताएँ। ज्योत्सना बंसल, जबलपुर
- अन्नामलाई विश्वविद्यालय का वेबसाइट एड्रेस है www.annamalaiuniversity.ac.in ।
साइंस जर्नलिज्म का कोर्स मध्यप्रदेश में कहाँ उपलब्ध है। निर्भयसिंह बैस, सुठालिया (राजगढ़)
- साइंस जर्नलिज्म (विज्ञान पत्रकारिता) का कोर्स स्कूल ऑफ फ्यूचर स्टडीज, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर में उपलब्ध है।
व्यावसायिक परीक्षा मंडल, भोपाल द्वारा ली जाने वाली जनरल नसिर्ंग सिलेक्शन परीक्षा में कौन सम्मिलित हो सकता है? ऋचा मंसारे, खुड़ैल (इंदौर)
- व्यावसायिक परीक्षा मंडल, भोपाल द्वारा जनरल नर्सिंग सिलेक्शन परीक्षा का आयोजन मध्यप्रदेश की मूल निवासी युवतियों के लिए मध्यप्रदेश के 15 शासकीय चिकित्सालयों में चल रहे 3 वर्षीय नर्सिंग प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए किया जाता है। जीव विज्ञान विषय से बारहवीं उत्तीर्ण छात्राएँ इस परीक्षा में शामिल हो सकती हैं।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का कोर्स पत्राचार माध्यम से कहाँ उपलब्ध है। शक्तिसिंह, खरगोन
- इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जाने के लिए कोई पत्राचार पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं है।