-
पं. अशोक पंवार 'मयंक'
रणधीर कपूर की छोटी बेटी करीना कपूर का जन्म 21 सितंबर, 1980 को मकर राशि में हुआ। मकर राशि वाले जातक मिली-जुली कद-काठी के, सुंदर, आकर्षक, चेहरे-मोहरे वाले होते हैं। विशेषकर स्त्री अधिक सुंदर होती है। चूँकि राशि पर शुक्र का प्रभाव भी है, अतः आप जन्मजात कलाकार हैं।
कला आपको विरासत में मिली। फिल्म उद्योग के पितामह स्वर्गीय पृथ्वीराज कपूर के बेटे स्वर्गीय राजकपूर जो एक महान निर्माता-निर्देशक, कलाकार थे, के बेटे रणधीर कपूर अपने जमाने के हीरो रहे, वहीं माता बबिता भी अपने जमाने की हिरोइन रही, जिन्होंने एक से बढ़कर एक हिट फिल्मों में अपनी अदा के परचम लहराए। ठीक उसी प्रकार आप भी फिल्मों में काफी हिट रही हैं।
फिल्म 'हंगामा' में आपका काफी अच्छा रोल था। शुक्र चंद्र का दृष्टि संबंध भी उस जातक को कलाकार बनाता है। आपकी पत्रिका में भी यही योग है। चंद्र राशि के अनुसार आपकी पत्रिका देखें तो भाग्य नवम भाव में उच्च का बुध शनि सूर्य के साथ है, वहीं आपकी पत्रिका काल सर्प योग से पीड़ित भी है। यही कारण है कि आपकी अधिक फिल्में नहीं आतीं, न ही आप अधिक चर्चा में रहती हैं। एक कलाकार का चर्चा में बने रहना ही सफलता का कारण भी बनता है, तो विफलता का भी। गृह स्थितिनुसार फल अवश्य मिलता है।
गोचरीय गुरु का भ्रमण वृश्चिक राशि पर चल रहा है, जो 22 नवंबर से धनु में होगा। यही समय विवाह के लिए प्रबल है। यदि 2008 में विवाह होता है तो गुरु स्व राशिस्थ तो होगा, लेकिन नीचाभिलाषी होने के कारण कुछ परेशानी भरा भी हो सकता है। वैसे आप जनता के बीच बनी रहेंगी।
दाम्पत्य सुख के बारे में देखा जाए तो विवाह के बाद साधारण ठीक ही रहेगा। वैसे शाहिद कपूर से विवाह की काफी चर्चा है, जो आपके लिए अनुकूल भी रहेगा। आगामी वर्ष में आपके वैवाहिक जीवन में बँधने का योग है। शाहिद नाम से कुंभ राशि होती है, जो आपकी राशि से एक घर आगे है। दोनों की राशि मैत्री की बनती है। नाम से देखा जाए तो करीना से मिथुन राशि शनि का मित्र है, वहीं शनि बुध का मित्र है।