फैरेक्स बेबी आरती छाबड़िया का जन्म 21 नवम्बर, 1982 को तुला लग्न तुला नवांश में मुंबई में हुआ। तुला लग्न वाली लड़कियाँ सुंदरता में श्रेष्ठ होती हैं। इस लग्न में जन्मी कन्या संगीत, नृत्य और ललित कलाओं में रुचि रखने वाली होती हैं। इनका व्यक्तित्व ही निराला होता है तथा ये विनम्र स्वभाव की होती हैं। तुला का स्वरूप तराजू है। ऐसी लड़कियाँ आशावादी, प्रसन्नचित्त और न्यायप्रिय भी होती हैं और अपने आपको वातावरण के अनुसार ढाल लेती हैं।
आपके जन्म लग्न का स्वामी शुक्र द्वितीय भाव में जल तत्व की राशि वृश्चिक में है। सूर्य एकादशेश है। वहीं बुध भाग्येश व द्वादशेश भी है। मंगल सप्तमेश व धनेश होकर तृतीय पराक्रम भाव में है, जो उच्च के केतु के साथ विराजमान है। चतुर्थेश व पंचदेश उच्च का होकर लग्न में है। षष्टेश व पराक्रमेश भी लग्न में है। भाग्य भाव में उच्च का राहु है। दशमेश चतुर्थ में है। उनके जन्म के समय यह ग्रह स्थिति थी।
आरती को मात्र 3 वर्ष की आयु में तेज चमकती रोशनी में प्रथम बार फैरेक्स बेबी के रूप में कैमरे का सामना करना पड़ा यानी दुधमुँही बच्ची एकादशेश सूर्य में शुक्र लग्नेश के अन्तर में फैरेक्स कम्पनी के प्रोडक्ट फैरेक्स मिल्क के विज्ञापन में जनता के बीच दिखी। पंचम भाव विद्या, बुद्धि, संतान व मनोरंजन का कारक होता है। वहीं चतुर्थ भाव जनता, माता, कुर्सी, भूमि, संपत्ति का कारक होता है। इसी की वजह से आपको शनि ने शुक्र की अंतरदशा में कैमरे का सामना करा दिया और आप जन्म से ही कला से जुड़ गईं। धीरे-धीरे आरती का बचपन विदा लेने लगा और वर्ष 99 में मंगल में शनि के अन्तर में मिस इंडिया क्वीन एवं इसी अंतरदशा में आपको मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में कामयाबी मिली।
शनि का प्रभाव सदैव शनैः-शनैः ही मिलता है, लेकिन जब लग्न में उच्च का होकर बैठ जाए और लग्नेश के साथ भाग्येश व आयेश का संयोग मिल जाए तो जातक को भाग्य के बल पर बचपन से ही आय का साधन मिल जाता है। इनके जन्म लग्न में पंचमहापुरुष योग में एक शशयोग बन रहा है। शशयोग वाला जातक प्रसिद्ध तो होता ही है, लेकिन ये योग जिस भाव से बनता है, उस भाव को बलवान कर देता है।
इनकी जन्म लग्न में गुरु आत्मकारक है। अतः ये अपने कार्य के प्रति ईमानदार भी होंगी। चूँकि गुरु ज्ञान व पृथक्करण का कारक भी है, अतः आप में बड़ों के प्रति श्रद्धाभाव भी होगा। अमात्यकारक मंगल है। अतः आप में साहस बल उत्तम रहेगा व अपने पराक्रम के बल पर उच्चतम सफलता भी पा लेती हैं। तभी आप मिस इंडिया काखिताब पा सकीं। आपकी पत्रिका में कर्मेश चँद्रमा चतुर्थ भाव में है। अतः आप अपने कर्म के अनुसार जनता के बीच प्रसिद्ध बनी रहेंगी।
आपको फिल्मों में मंगली की महादशा ने प्रवेश दिलाया। मंगल द्वितीयेश धनेश व कुटुंब भाव का स्वामी है। इसमें भाग्येश लग्नेश का प्रभाव है। वहीं भावेश भावाम के तहत देखा जाए तो शनि का प्रभाव भी है। चूँकि पंचमेश शनि की दृष्टि तृतीय मंगल पर पड़ रही है, अतः इस दौरान 'आवारा, पागल, दीवाना' एवं 'राजा भैया' में आपको सफलता मिली। आपकी सर्वप्रथम फिल्म ' तुमसे अच्छा कौन है' में आपका कार्य सराहा गया। वैसे भी लग्न तुला है, जो शुक्र प्रधान है, वहीं पंचमेश उच्च का बैठा है। अतः आरती छाबड़िया फिल्मों में अपना स्थान बनाए रखेंगी। वैसे आप अनेक विज्ञापनों में भी आई हैं, उनमें प्रमुख एल.एम.एल., टैंडी स्कूटर, क्लीन एंड केयर, क्रेक क्रीम आदि में आपकी उपस्थिति बरकरार है।
लग्न तुला होने के साथ ही नवांश भी तुला है। इस प्रकार वर्गोत्तम लग्न हुई। वहीं चन्द्रमा मकर में नवांश का है। अतः चन्द्रमा को भी वर्गोत्तम श्रेणी मिली, लग्नेश व कर्मेश बलवान है। जन्म नक्षत्र उत्तराषाढ़ा है, जिसका स्वामी सूर्य है। अतः आपको सूर्य की उपासना श्रेष्ठ फलदायी रहेगी। गुलाबी कपड़े, गुलाबी रंग की गाड़ी भाग्यशाली होगी। आपके अच्छे मित्र कुंभ व मिथुन लग्न के होंगे। भाग्य रत्न पन्ना व नीलम भी अनुकूल रहेगा। आपके लिए शुभ अंक 1, 5, 3, 9 तथा 6 रहेंगे तथा शुभ वार में शुक्रवार, शनि व बुध रहेगा।