Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

इसरो को बधाइयों का ताँता

हमें फॉलो करें इसरो को बधाइयों का ताँता
नई दिल्ली। भारत के प्रथम मानवरहित चंद्र अभियान चंद्रयान-1 के सफल प्रक्षेपण की खबर सुनकर देश-विदेश के वैज्ञानिको में खुशी की लहर फैल गई। इसरो के अभियान की सफल शुरुआत पर चारों ओर से बधाइयों का ताँता लग गया।

राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने चंद्रयान-1 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए देश के लिए इसे मील का पत्थर करार दिया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा यह ऐतिहासिक दिन है जो भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को भविष्य में मानव सहित मिशन भेजने के लिए प्रेरित करेगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भारत के प्रथम मानवरहित चंद्र अभियान चंद्रयान-1 के सफल प्रक्षेपण पर भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मैं समझता हूँ कि चंद्रयान का सफल प्रक्षेपण भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण है। मैं इस समाचार से प्रसन्न हूँ।

प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने चाँद पर पहले भारतीय अंतरिक्षयान चंद्रयान प्रथम के सफल प्रक्षेपण पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस काम को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले वैज्ञानिकों को बधाई दी है। डॉ. सिंह ने जापान से भारतीय वैज्ञानिकों को भेजे अपने बधाई संदेश में आज के दिन को भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक बताया।

यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ईएसए महानिदेशक के प्रवक्ता ने बताया हम इसरो को इस सफल प्रक्षेपण पर बधाई देते हैं और चाँद के लिए किए गए इस नए अभियान का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा चंद्रयान-। के साथ इसरो ने पृथ्वी की कक्षा को छोड़कर गहन अंतरिक्ष की ओर कदम उठाने की नई चुनौती उठा ली है। (एजेंसियाँ)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi