छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 18 सीटों के लिए सोमवार को मतदान जारी है। बस्तर इलाके की 12 सीटों व राजनांदगांव के एक नक्सल प्रभावित सीट के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। शेष पांच सीटों के लिए सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ।
नक्सल चेतावनी के बावजूद बस्तर इलाके में मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पहले दो घंटे में जगदलपुर, कोंटा व दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 20 फीसदी तक मतदान हुआ। पहले दो घंटे के मतदान में महिलाओं अच्छा खासा उत्साह देखा गया। राजनांदगांव में पहले मतदान की गति काफी धीमी थी, लेकिन जैसे-जैसे समय होता जा रहा है लोग मतदान के लिए निकल रहे हैं और वहां भी मतदान का प्रतिशत बढ़ रहा है।
मतदान के दौरान बीजापुर के एक मतदान केंद्र के बाहर नक्सलियों ने फायरिंग की, लेकिन सुरक्षा बलों के जवाबी फायरिंग के बाद वे भाग गए। अंतागढ़, बीजापुर, दंतेवाड़ा व कोंटा विधानसभा क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों के सामने बम बरामद होने की खबर भी है। इन बमों को सीआरपीएफ के जवानों व जिला पुलिस बल ने निष्क्रिय कर दिया है।
चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए बस्तर इलाके में भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए हैं। इसके बाद अति संवेदनशील व नक्सलियों प्रभाव वाले इलाके किस्टाराम, गोलापल्ली व जगरगुंडा में एक भी वोट नहीं पड़े हैं।
कोंटा में एक मतदान केंद्र के सामने भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। रविवार की रात को जगदलपुर में भी भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए थे। इसमें जगदलपुर के कांग्रेस प्रत्याशी सामू कश्यप को चोटें आईं। वे अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
पहले चरण के मतदान में मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह, पीएचई मंत्री केदार कश्यप, वनमंत्री विक्रम उसेंडी व महिला व बाल विकास मंत्री लता उसेंडी का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। कांग्रेस के शहीद नेता महेंद्र कर्मा व उदय मुदलियार की पत्नी का भाग्य भी आज लॉक हो जाएगा।