Publish Date: Fri, 25 Oct 2024 (15:33 IST)
Updated Date: Fri, 25 Oct 2024 (20:42 IST)
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान ने अपनी सर्विस रायफल से कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ के 199 वीं बटालियन मुख्यालय पातरपारा भैरमगढ़ में तैनात प्रधान आरक्षक पवन कुमार ने गुरुवार को अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
ALSO READ: एक और प्रवासी श्रमिक को गोली मारी, प्रवासियों व कश्मीरी पंडितों में दहशत का माहौल
उन्होंने बताया कि पवन कुमार बटालियन मुख्यालय के टावर मोर्चा नंबर 2 में तैनात था। ड्यूटी के दौरान कल दोपहर 12 बजे उसने खुद को गोली मार ली। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैरमगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ALSO READ: UP : भदोही में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की गोली मारकर हत्या
उन्होंने बताया कि पवन कुमार रेवाड़ी, हरियाणा का निवासी था। उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। कुमार की आत्महत्या के कारणों के बारे में जानकारी जांच के बाद ही मिल सकेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मृत जवान के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया है। राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta