Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

रेड सॉस पास्ता बनाने की आसान रेसिपी

हमें फॉलो करें रेड सॉस पास्ता बनाने की आसान रेसिपी
आवश्यक सामग्री- 
पास्ता- 2 कप (160 ग्राम)
टमाटर- 4 (400 ग्राम)
टोमैटो सॉस- 1/4 कप
तेल- 3 टेबल स्पून
शिमला मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
तुलसी पत्ती - 8 से 10
अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
कालीमिर्च पाउडर- 1/4 छोटी चम्मच
चिल्ली फ्लेक्स- 1/4 छोटी चम्मच
ऑरिगेनो- 1/2 छोटी चम्मच
नमक- 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
मॉजेरीला चीज- गार्निश करने के लिए
 
विधि-
 
STEP 1. रेड सॉस पास्ता बनाने के लिए सबसे पहले पास्ता और टमाटर को अलग-अलग उबाल लीजिए। पास्ता को उबालने के लिए 1 भगोने में 5 से 6 कप पानी डालिए और गैस जलाकर रख दीजिए। पानी में 2 छोटे चम्मच तेल और 1/2 छोटी चम्मच नमक डालकर उबलने दीजिए। (पानी में उबाल आने के बाद ही पास्ता डाला जाएगा।)
 
STEP 2. एक दूसरे बरतन में टमाटर उबालने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी डाल लीजिए और गैस पर उबलने रख दीजिए। (पानी की मात्रा इतनी होना चाहिए कि टमाटर इसमें अच्छे से डूब सकें)। पानी में उबाल आते ही टमाटर के ऊपरी हिस्से पर चाकू से क्रॉस कट लगाइए और पानी में डाल दीजिए (टमाटर पर हल्का-सा ही कट लगाएं ताकि टमाटर की ऊपरी परत ही कटे)। इसी प्रकार सभी टमाटर पर एक-एक करके क्रॉस कट लगाइए और पानी में डाल दीजिए। टमाटर को 7 से 8 मिनट के लिए हल्की-सी परत उतरने तक उबाल लीजिए।
 
STEP 3. टमाटर को उबलने रखने के बाद पास्ता के पानी को चेक कर लीजिए। पानी में अच्छे से उबाल आ रहा हो, तो इसमें पास्ता डाल दीजिए। पास्ता को नरम होने तक उबलने दीजिए और बीच-बीच में चमचे से चला लीजिए ताकि ये भगोने के तले पर न लगें। 
 
STEP 4. 7 से 8 मिनट उबलने के बाद टमाटर की परत अलग होने लगती है। गैस बंद कर दीजिए और टमाटर को पानी में से निकालकर 1 प्लेट में ठंडा होने रख दीजिए। 
 
STEP 5. पास्ता को भी चेक कर लीजिए। पास्ता के टुकड़े को चमचे में रखकर हाथ से दबाकर देख लीजिए। अगर यह दब रहा है तो पास्ता उबलकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए। 10 मिनट में पास्ता उबलकर तैयार हो गया है। 
 
STEP 6. पास्ता को पानी में से निकालने के लिए इसे बरतन में रखी 1 छलनी में डाल दीजिए। पास्ता को जल्दी ठंडा और अलग-अलग करने के लिए ऊपर से थोड़ा ठंडा पानी डाल दीजिए। इन्हें थोड़ी देर ठंडा होने रख दीजिए।
 
STEP 7. जब टमाटर हल्के गरम रह जाएं तभी इन्हें छीलकर डंठल हटा दीजिए और बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लीजिए। कटे हुए टमाटर को मिक्सर जार में डालिए और बारीक पीस कर पेस्ट तैयार कर लीजिए।
 
********** 
 
रेड सॉस बनाने की विधि
 
STEP 1. एक पैन को गैस पर गरम कीजिए और 1 टेबल स्पून तेल डाल लीजिए। तेल के गरम होते ही इसमें अदरक का पेस्ट और शिमला मिर्च डालकर थोड़ी देर भून लीजिए। शिमला मिर्च के हल्के से भुनने के बाद पैन में टमाटर का पेस्ट डाल दीजिए और गैस को मध्यम आंच पर कर लीजिए। फिर तुलसी के पत्ते तोड़कर डाल दीजिए और साथ ही चिल्ली फ्लेक्स, कालीमिर्च पाउडर, ऑरिगेनो और नमक डालकर 5-6 मिनट पका लीजिए।
 
STEP 2. 5 मिनट बाद ग्रेवी अच्छे से पककर गाढ़ी हो गई है। अब इसमें टोमैटो सॉस डालकर मिक्स कर लीजिए। पास्ता के लिए रेड सॉस पककर तैयार है। 
 
STEP 3. उबले हुए पास्ता को तैयार रेड सॉस में डाल दीजिए और मिक्स करते हुए 1 से 2 मिनट पका लीजिए। 2 मिनट बाद पास्ता बनकर तैयार है। अब गैस बंद कर दीजिए और पास्ता को 1 प्लेट में निकाल लीजिए।
 
स्वाद से भरपूर मसालेदार रेड सॉस पास्ता को ऊपर से थोड़े से मॉजेरीला चीज के साथ गार्निश कीजिए और गरमागरम सर्व कीजिए।
 
टिप्स :
 
1. पास्ता को हमेशा चेक करते हुए ही उबालें। पास्ता हल्का-सा भी ज्यादा उबल जाने पर खुलने या टूटने लगता है।
2. आप किसी भी प्रकार के पास्ता से रेड सॉस पास्ता तैयार कर सकते हैं।
3. अगर आप प्याज-लहसुन खाना पसंद करते हैं तो तेल में सबसे पहले 4 से 5 कटी हुई लहसुन की कलियां और 1 बारीक कटा हुआ प्याज डालकर गुलाबी होने तक भून लीजिए। इसके बाद दी गई विधि अनुसार पास्ता तैयार कर लीजिए।
4. मॉजेरीला चीज के अलावा क्रीम से भी पास्ता गार्निश किया जा सकता है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

माघ मास का हर दिन है पवित्र, समस्त पापों से देता है छुटकारा