Publish Date: Tue, 03 Jan 2023 (12:22 IST)
Updated Date: Tue, 03 Jan 2023 (12:35 IST)
नई दिल्ली। भारत में 1 दिन में कोरोनावायरस संक्रमण के 134 नए मामले आए जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,582 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को सुबह 8 बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.46 करोड़ (4,46,78,956) दर्ज की गई। संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,30,707 है। इस दौरान 1 भी मौत नहीं हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संक्रमण की दैनिक दर 0.09 प्रतिशत दर्ज की गई जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.13 प्रतिशत दर्ज की गई। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 प्रतिशत हो गई है।
बीते 24 घंटे में कोविड-19 का उपचार करा रहे मरीजों की संख्या में 88 मामलों की कमी दर्ज की गई है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,45,667 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 220.11 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि भारत में 7 अगस्त 2020 को कोविड-19 के मामलों की संख्या 20 लाख के पार हो गई थी और 16 सितंबर को 50 लाख के पार हो गई थी। कोविड-19 के मामलों की संख्या 25 जनवरी 2022 को 4 करोड़ के पार चली गई थी।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta