Publish Date: Tue, 31 Mar 2020 (18:29 IST)
Updated Date: Tue, 31 Mar 2020 (18:32 IST)
पीलीभीत (उप्र)। मक्का से लौटे 2 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद पुलिस ने मक्का से यहां लौटे 35 लोगों के खिलाफ घर में पृथक रहने के निर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि थाना अमरिया क्षेत्र के रहने वाले 35 लोग 25 फरवरी को उमरा करने के लिए सऊदी अरब गए थे। सभी लोगों की 20 मार्च को वतन वापसी हुई थी।
उमरा करने वाले सभी यात्री विमान से सऊदी अरब से मुंबई पहुंचे थे। जहां पर जांच के बाद सभी लोगों को कोरोना वायरस संदिग्ध की मोहर लगाई गई थी। इन लोगों को घरों में पृथक रहने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे से बाहर निकलने के बाद सभी लोगों ने मोहर को खास स्प्रे से छुड़ा दिया और लगातार पुलिस को गुमराह करते हुए पीलीभीत पहुंच गए। उन्होंने बताया कि यहां पर इनकी दोबारा जांच होनी थी, लेकिन इन्होंने निशान मिटाकर लोगों को चकमा दे दिया।
उन्होंने बताया कि बाद में इनमें से एक मां और बेटे के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद सारे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
अमरिया के थाना अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें कोरोना संक्रमित मां-बेटे का नाम भी शामिल है। (भाषा) (प्रतीकात्मक चित्र)