Publish Date: Thu, 15 Oct 2020 (01:16 IST)
Updated Date: Thu, 15 Oct 2020 (01:20 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश के सबसे सुंदर और स्वच्छ महानगर में शुमार इंदौर (Indore news) में अक्टूबर में पहली बार न केवल नए कोरोनावायरस (Coronavirus) मरीजों की संख्या घटी है बल्कि मौत भी सिर्फ 3 ही हुई है वरना औसतन 400 से अधिक मरीज सामने आ रहे थे। बुधवार को 372 नए कोरोना मरीज सामने आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 30754 पर पहुंच गया है। शहर में अब तक कोरोना से 649 लोगों की मौत हुई है।
उक्त जानकारी देर रात जारी मेडिकल बुलेटिन में दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रवीण जड़िया के अनुसार शहर में 2818 कोरोना टेस्ट की जांच रिपोर्ट मिल चुकी है, जिसमें 2434 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि 372 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब इंदौर में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 30 हजार 754 हो गई है।
डॉ. जड़िया ने बताया कि बुधवार को 2148 सैंपल स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुए हैं। अभी तक 3 लाख 42 हजार 932 कोरोना सैंपलों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। उन्होंने कहा कि 14 अक्टूबर तक प्राप्त रैपिड एंटीजन सैंपल की संख्या 76896 है।
बुधवार को शहर के विभिन्न अस्पतालों से 116 और मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया। अब तक 26373 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल विभिन्न अस्पतालों में 3732 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है।