Publish Date: Sat, 01 Oct 2022 (11:07 IST)
Updated Date: Sat, 01 Oct 2022 (11:12 IST)
नई दिल्ली। भारत में 1 दिन में कोविड-19 के 3,805 नए मामले सामने आने से देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,45,91,112 पर पहुंच गई जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 38,293 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह 8 बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से 26 मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,28,655 हो गई।
इनमें केरल द्वारा पुनर्मिलान किए गए मौत के 13 मामले भी शामिल हैं। जिन 13 अन्य लोगों ने जान गंवाई है, उनमें से 5 की मौत महाराष्ट्र और 2 की मौत केरल में हुई। मंत्रालय के मुताबिक उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.09 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.73 प्रतिशत दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में कोरोनावायरस का इलाज करा रहे लोगों की संख्या में 1,290 की कमी आई है।
आंकड़ों के अनुसार संक्रमण की दैनिक दर 1.29 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.39 प्रतिशत दर्ज की गई है, वहीं कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,40,24,164 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक टीके की 218.68 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि देश में 7 अगस्त 2020 को कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और 5 सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले 1 करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल 4 मई को संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ और 23 जून 2021 को 3 करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले 4 करोड़ से अधिक हो गए थे।Edited by: Ravindra Gupta(भाषा)