Publish Date: Sun, 25 Apr 2021 (00:21 IST)
Updated Date: Sun, 25 Apr 2021 (00:24 IST)
मुंबई। पूर्वी महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में शराब नहीं मिलने के बाद सैनेटाइजर पीने से 6 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि डॉक्टरों ने मारे गए 3 लोगों की मौत का कारण सैनेटाइजर पीना बताया है, जबकि इन्हीं परिस्थितियों में मरने वाले बाकी तीन लोगों का पुलिस को बिना बताए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस को शुक्रवार को सूचित किया गया था कि वाणी के ग्रामीण अस्पताल में तीन लोगों को उल्टी आने एवं असहज महसूस करने के बाद भर्ती कराया गया था, जिनकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों के परिजन ने बताया कि कोरोनावायरस (Coronavirus) के कारण लागू लॉकडाउन के चलते शराब नहीं मिलने पर इन लोगों ने सैनेटाइजर पी लिया था।
उन्होंने कहा कि बिना पुलिस को सूचित किए बाकी तीन लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मामले में जांच जारी है।(भाषा)